.AD

गुंडा बदमाश संतोष कोसले अनाचार मामले में गिरफ्तार


हाईकोर्ट के आदेश पर नवागढ़ पुलिस की कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। थाना नवागढ़ क्षेत्र के आदतन गुंडा बदमाश और अनाचार के आरोपी संतोष कोसले को पुलिस ने माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के आदेशानुसार विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज प्रकरण में नवागढ़ पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी संतोष कोसले निवासी ग्राम केरा, थाना नवागढ़ के खिलाफ थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 56/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

बताया गया कि आरोपी ने एक महिला को डरा-धमकाकर जबरन उसके साथ अनाचार किया था। पीड़िता की शिकायत के आधार पर नवागढ़ थाना में मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा इसकी विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी।

इसी बीच प्रकरण में माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्देश प्राप्त होने के बाद नवागढ़ पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिवत फॉर्मल गिरफ्तारी की कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं क्षेत्र में इस कार्रवाई के बाद लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


Related Articles