जिले में एचपीव्ही टीकाकरण अभियान का शुभारंभ: 16 हजार बालिकाओं को लगेगा टीका

जांजगीर-चांपा, 16 मार्च 2026। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत जिले में गर्भाशय के मुख के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के उद्देश्य से मानव पैपिलोमा वायरस (एचपीव्ही) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान की शुरुआत सोमवार को जिला चिकित्सालय जांजगीर-चांपा में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की उपस्थिति में हुई।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को एचपीव्ही वैक्सीन का टीका लगाया गया और टीकाकरण के बाद कलेक्टर श्री महोबे ने टीका लगवाने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। साथ ही उन्होंने बालिकाओं और उनके अभिभावकों को इस टीकाकरण के महत्व की जानकारी देते हुए इसे गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी उपाय बताया।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि यह विशेष टीकाकरण अभियान महिलाओं में होने वाले गर्भाशय के मुख के कैंसर, जिसे सर्वाइकल कैंसर कहा जाता है, से बचाव के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 वर्ष की बालिकाओं को अनिवार्य रूप से यह टीका लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिले की लगभग 16 हजार बालिकाओं को एचपीव्ही वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। यह टीकाकरण जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। रविवार और शासकीय अवकाश को छोड़कर यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि एचपीव्ही वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और शासकीय अस्पतालों में बालिकाओं को यह टीका केवल एक बार निःशुल्क लगाया जाएगा। टीकाकरण के लिए बालिकाओं को अपने अभिभावक के साथ जिला चिकित्सालय आना आवश्यक होगा। साथ ही आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र तथा पंजीयन के लिए अभिभावक का मोबाइल नंबर लाना अनिवार्य होगा।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजुर, चिकित्सकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अभिभावक भी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के लोगों से इस अभियान में सहयोग करने और अधिक से अधिक बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की है।








