.AD

पुष्पराज सिंह चंदेल के नेतृत्व में पामगढ़ में कर्मचारी संगठन को मिली नई ताकत: तहसील शाखा की नवीन कार्यकारिणी गठित

BMS जिला अधिवेशन के बाद लगातार हो रहा संगठन विस्तार

पुष्कर साहू बने तहसील अध्यक्ष, आदित्य सिंह को सचिव की जिम्मेदारी: जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह चंदेल ने दिलाया कर्मचारी हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती का संकल्प

पामगढ़। राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के संगठनात्मक विस्तार और कर्मचारी हितों को मजबूती देने की दिशा में पामगढ़ में महत्वपूर्ण पहल की गई। जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राज्य कर्मचारी संघ की तहसील शाखा पामगढ़ की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग से जुड़े श्री पुष्कर साहू को तहसील अध्यक्ष तथा शिक्षा विभाग के श्री आदित्य सिंह को सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। नवीन कार्यकारिणी के गठन से पामगढ़ क्षेत्र में कर्मचारी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।

बीआरसी भवन पामगढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह चंदेल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न इस संगठनात्मक बैठक में कर्मचारी एकता, संगठन के विस्तार, पारदर्शिता तथा कर्मचारियों की लंबित एवं जायज समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।


जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह चंदेल के नेतृत्व की रही विशेष भूमिका

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह चंदेल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की वास्तविक ताकत एकजुटता, समर्पण और कर्मचारियों के प्रति जवाबदेही को बताया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों से पूरी निष्ठा के साथ संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करने तथा कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

चंदेल ने पामगढ़ क्षेत्र से अपने कार्यात्मक एवं भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र से उनका विशेष लगाव रहा है। कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर वे सदैव समर्पित रहेंगे। उनके नेतृत्व में जिले में संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की उपस्थित कर्मचारियों ने सराहना की। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन की मजबूती केवल पदाधिकारियों से नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी और आपसी विश्वास से तय होती है।

कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने का आह्वान

इस अवसर पर प्रकोष्ठ अध्यक्ष शिक्षा विभाग श्रीमती ज्योत्सना सिंह चंदेल ने कहा कि राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कर्मचारियों के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए कार्य करेगा। कर्मचारियों की जायज मांगों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक सदस्यता लेकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी एकजुट होकर अपने अधिकारों और हितों के लिए आवाज उठाएंगे, तभी उनकी समस्याओं के निराकरण की लड़ाई प्रभावी ढंग से लड़ी जा सकेगी।

सभा को राज्य कर्मचारी संघ के प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रधान पाठक श्री ओमप्रकाश राठौर ने भी संबोधित किया। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय बनाने तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।

यह होगी पामगढ़ तहसील शाखा की नवीन कार्यकारिणी

नवीन कार्यकारिणी में अध्यक्ष श्री पुष्कर साहू (स्वास्थ्य विभाग), कार्यकारी अध्यक्ष श्री सनोद कुर्रे (शिक्षा विभाग), सचिव श्री आदित्य सिंह (शिक्षा विभाग), वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री दिलीप कुमार सिंह (शिक्षा विभाग) एवं श्री डी.आर. टोनी (राजस्व विभाग), उपाध्यक्ष श्री सनत बंजारे (स्वास्थ्य विभाग), श्री कुंजल सिंह कंवर (शिक्षा विभाग) एवं श्री कुंवर प्रसाद सिन्हा (शिक्षा विभाग), संगठन सचिव श्री भूपति राव (स्वास्थ्य विभाग), कोषाध्यक्ष श्री संदीप तिवारी (शिक्षा विभाग), सहसचिव श्री चंद्रशेखर साहू (शिक्षा विभाग) एवं श्री पंचराम वस्त्राकार (राजस्व विभाग), कार्यालय मंत्री श्री भूपेन्द्र भारद्वाज (स्वास्थ्य विभाग) तथा प्रचार सचिव श्री जय कुमार कुर्रे (स्वास्थ्य विभाग) को जिम्मेदारी सौंपी गई।

महिला प्रकोष्ठ में भी नई टीम को मिली जिम्मेदारी

तहसील शाखा पामगढ़ के महिला प्रकोष्ठ में अध्यक्ष श्रीमती अनीता सूर्यवंशी (शिक्षा विभाग), कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला शर्मा (स्वास्थ्य विभाग), वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती गनेशी बंजारे (शिक्षा विभाग) एवं उपाध्यक्ष श्रीमती मनीषा सोनी (स्वास्थ्य विभाग) को जिम्मेदारी दी गई।

इसके साथ ही श्री आर.के. उपाध्याय (तहसील अध्यक्ष, प्रगतिशील पेंशन संघ) एवं श्री विद्याभूषण साहू (वरिष्ठ सलाहकार, स्वास्थ्य विभाग) को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

जिला पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला सचिव श्री नरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रकोष्ठ उद्यानिकी की श्रीमती प्रियंका सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्री राजेश सोनी, शिक्षा विभाग लिपिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्री मनोज यादव एवं श्री अजय मधुकर, श्री लेखन आजाद सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह चंदेल एवं जिला सचिव नरेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री राहुल कुमार शर्मा, तहसील शाखा शिवरीनारायण के संयोजक एवं संगठन प्रभारी ने किया। अंत में जिला सचिव श्री नरेंद्र सिंह ने उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

संगठन को नई दिशा देने की उम्मीद

पामगढ़ तहसील शाखा की नवीन कार्यकारिणी का गठन केवल पदाधिकारियों की नियुक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को एक साझा मंच पर जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में गठित नई टीम से कर्मचारियों की समस्याओं को संगठित तरीके से उठाने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कर्मचारी हितों की आवाज को प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई गई। उपस्थित कर्मचारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।


Related Articles