.AD

अकलतरा में भक्ति और उल्लास के बीच मना बाबा श्याम का भव्य जन्मोत्सव: निशान यात्रा से गूंजा नगर

सुबह पंचदेव मंदिर से निकली भव्य निशान यात्रा

शाम को महाआरती और भजन संध्या में उमड़े श्रद्धालु

छप्पन भोग, सवामणी भोग, श्याम खजाना और आतिशबाजी रहे विशेष आकर्षण

अकलतरा। हर त्योहार से बढ़कर है हमें, श्याम जन्मदिन तेरा... इसी भक्तिमय भावना के साथ अकलतरा में कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी के पावन अवसर पर बाबा श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। समस्त श्याम परिवार अकलतरा के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में नगर का वातावरण बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से भक्तिमय हो उठा। सुबह से लेकर देर रात तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह 7 बजे पंचदेव मंदिर (तोरण द्वार), अकलतरा से बाबा की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। आकर्षक धार्मिक माहौल और बाबा श्याम के जयकारों के बीच निकली यह यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री श्याम मनोहर मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के चरणों में निशान अर्पित कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। निशान यात्रा में श्याम भक्तों का उत्साह देखते ही बना।

शाम 7:30 बजे बाबा की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से भव्य भजन संध्या सजी, जिसमें ग्वालियर के भजन प्रवाहक राम-श्याम तथा कांटाबांजी के केशव-कौशिक ने अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति गीतों और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा आयोजन स्थल देर रात तक गुंजायमान रहा।

जन्मोत्सव में बाबा के प्रति श्रद्धा और समर्पण के प्रतीक स्वरूप श्याम खजाना, विशेष सवामणी भोग एवं छप्पन भोग अर्पित किए गए। वहीं श्याम मस्ती एवं धमाल ने आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा। रात्रि 9 बजे से श्रद्धालुओं के लिए श्री श्याम रसोई की व्यवस्था की गई। आधी रात 12 बजे भव्य आतिशबाजी के साथ बाबा श्याम के जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गईं।


इस पूरे आयोजन का संयोजन 'करने वाले श्याम, कराने वाले श्याम' की भावना के साथ समस्त श्याम परिवार अकलतरा द्वारा किया गया। आयोजन में श्री श्याम भक्त मंडल, श्री श्याम सखी मंडल, श्री श्याम युवा मंडल, श्री निशान यात्रा समिति एवं श्री श्याम लाडली ग्रुप अकलतरा की सक्रिय सहभागिता रही।

आयोजन के माध्यम से श्याम भक्तों ने सामूहिक भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। बाबा श्याम के प्रति अटूट आस्था और भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच संपन्न हुआ यह जन्मोत्सव अकलतरा के श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया।


Related Articles