.AD

ऋषभ विद्यादय महाविद्यालय एवं आईटीआई बनाहील में हर्षोल्लास से मनाया गया संविधान दिवस

जागरूकता रैली, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और संविधान की उद्देशिका के सामूहिक वाचन के जरिए विद्यार्थियों ने दिया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संदेश

बनाहील। श्री ऋषभ विद्यादय महाविद्यालय एवं श्री ऋषभ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बनाहील में 26 नवंबर को संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। दोनों संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाई द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था संचालक डॉ. जे.के. जैन एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार के सानिध्य में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान संविधान निर्माण में बाबा साहब के अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया गया।


इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने परिसर से जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों एवं युवाओं को भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। वहीं विद्यार्थियों की संवैधानिक समझ और बौद्धिक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय एवं आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर संस्था संचालक डॉ. जे.के. जैन ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का अधिकार एवं आदर्श प्रदान करता है। संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान की गरिमा बनाए रखने, अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और राष्ट्रहित में जिम्मेदारीपूर्वक योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में प्राध्यापकों, प्रशिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया तथा संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने की शपथ ली।

इस अवसर पर सुश्री दुर्गा टंडन, राहुल राठौर, अनुज जैन, समरीन मिर्जा, संध्या सिंह, सरिता पटेल, मनीषा कश्यप, श्रीयांश, चंद्ररूपा कश्यप, आस्था तिवारी, संदीप कुर्रे, अशोक पाण्डेय, अनामिका सिंह, सुनीता पाण्डेय, पायल दास, रश्मि मरकाम, राजेश, भास्कर कश्यप, विद्या जायसवाल, अविनाश चौहान, नरेंद्र पाटले, मनीष गंधर्व, आकाश दास, नीरज निर्मलकर, बृजनंदन पटेल एवं द्वाशराम कश्यप सहित एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट तथा महाविद्यालय एवं आईटीआई के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी के सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


Related Articles