.AD

क्रेशर में काम के दौरान मजदूर को लगा करंट: अस्पताल में भर्ती

लटिया स्थित S S इंटरप्राइजेज में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

हादसे की सूचना और जांच को लेकर स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर उठ रही उंगलियां

क्रेशर संचालक दीपक सिंघानिया के क्रेशर संघ अध्यक्ष होने के बीच निष्पक्ष जांच की मांग

पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी नजरें

अकलतरा। जांजगीर जिले के अकलतरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम लटिया में संचालित S S इंटरप्राइजेज क्रेशर में काम के दौरान एक मजदूर को करंट लगने की घटना सामने आई है। हादसे में घायल मजदूर को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना ने एक बार फिर क्रेशर उद्योगों में मजदूरों की सुरक्षा, विद्युत उपकरणों के रखरखाव और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रेशर में कार्य के दौरान मजदूर करंट की चपेट में आ गया। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया जा रहा है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, कार्यस्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और विद्युत सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इन बिंदुओं पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।

क्रेशर संघ अध्यक्ष के प्रतिष्ठान में हादसा, निष्पक्ष जांच की चुनौती

इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण सवाल उठ रहा है। S S इंटरप्राइजेज के संचालक दीपक सिंघानिया क्रेशर संघ के अध्यक्ष भी बताए जाते हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या संबंधित जिम्मेदार विभाग इस मामले में किसी प्रभाव या दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच करेगा? आखिरकार मजदूर की सुरक्षा किसी भी उद्योग संचालक की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पद और प्रतिष्ठा से ऊपर श्रमिकों के जीवन की सुरक्षा होनी चाहिए।

घायल का इलाज कराना पर्याप्त या पुलिस को सूचना देना भी जरूरी?

घटना के बाद घायल मजदूर का इलाज कराया जा रहा है, लेकिन इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस को सूचना दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। क्या हादसे की सूचना संबंधित थाने को दी गई थी? यदि नहीं, तो इसके पीछे क्या कारण रहे? क्या घटना की प्रकृति और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को तत्काल अवगत कराना आवश्यक नहीं था? मामले को लेकर अकलतरा पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू से जब हादसे की सूचना के बारे में जानकारी ली गई तो बताया गया कि कोई सूचना नहीं दी गई।

मामले पर भारतीय मजदूर संघ ने लिया संज्ञान

मजदूरों के हितों और सुरक्षा के लिए आवाज उठाने वाले भारतीय मजदूर संघ की भूमिका भी इस मामले में महत्वपूर्ण हो गई है। संगठन इस घटना को संज्ञान में लेकर औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर दिया है। विभाग से क्रेशर परिसर का निरीक्षण, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की जांच, श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों का सत्यापन और जिम्मेदारी तय करने तथा यदि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी मजदूर की जान जोखिम में न पड़े। संगठन के जिला महामंत्री ने कहा कि मामले पर यदि निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नही हुई तो आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।

पत्रकार से कथित दुर्व्यवहार का आरोप, सवालों के जवाब देने से क्यों बच रहा प्रबंधन?

इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक अन्य मामला भी चर्चा में है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की वास्तविक परिस्थितियों और प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए एक स्थानीय पत्रकार ने फोन पर क्रेशर संचालक एवं क्रेशर संघ अध्यक्ष दीपक सिंघानिया से संपर्क कर जानकारी चाही थी। आरोप है कि इस दौरान पत्रकार के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया।

हालांकि, इस संबंध में संचालक का पक्ष सामने आना बाकी है। किसी भी औद्योगिक प्रतिष्ठान में मजदूर के घायल होने जैसी गंभीर घटना पर सवाल पूछना पत्रकारिता का स्वाभाविक दायित्व है। ऐसे में प्रबंधन की ओर से तथ्यों के साथ जवाब देने के बजाय कथित दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आना भी चर्चा का विषय बन गया है।

अब जिम्मेदार विभागों से जवाबदेही की अपेक्षा

S S इंटरप्राइजेज क्रेशर में हुए इस हादसे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग केवल घटना की जानकारी लेकर औपचारिकता निभाएंगे या वास्तव में मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच करेंगे? क्या क्रेशर में विद्युत उपकरणों की स्थिति, अर्थिंग, वायरिंग, मशीनों की सुरक्षा और मजदूरों को उपलब्ध कराए जा रहे सुरक्षा संसाधनों का परीक्षण होगा?

मजदूर किसी भी उद्योग की उत्पादन व्यवस्था की रीढ़ होते हैं। उनकी सुरक्षा को नजरअंदाज कर औद्योगिक गतिविधियां संचालित करना गंभीर चिंता का विषय है। अब देखना होगा कि स्थानीय पुलिस, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा श्रम विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

फिलहाल घायल मजदूर का उपचार जारी है, लेकिन इस घटना ने कई ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं जिनका जवाब जांच और प्रशासनिक कार्रवाई से ही सामने आएगा। जरूरत इस बात की है कि हादसे की निष्पक्ष जांच हो, मजदूर को उचित उपचार एवं नियमानुसार सहायता मिले और यदि लापरवाही प्रमाणित होती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


Related Articles