नेंगूरडीह में आबकारी विभाग की दबिश, 7 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
आवासीय मकान की तलाशी में बरामद हुई अवैध महुआ शराब: आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर आरोपी को भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 5 नवंबर 2026 को आबकारी वृत्त शिवरीनारायण की टीम ने ग्राम नेंगूरडीह में दबिश देकर एक आवासीय मकान से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल दाखिल कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री योगेश्वर कुमार द्विवेदी के विशेष मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम नेंगूरडीह में आरोपी लाकेश यादव (38 वर्ष), पिता महेतरु यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 01, ग्राम नेंगूरडीह, थाना नवागढ़ के आवासीय मकान की गवाहों की उपस्थिति में विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मकान से 7 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। आबकारी विभाग ने शराब जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक यीवरेश कुमार सहित मुख्य आरक्षक राजेश पांडेय तथा आरक्षक रिकेश गुप्ता एवं शीतला कौशिक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।








