‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के नारों से गूंजा बनाहिल
राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय परिसर
NSS इकाई ने निकाली भव्य तिरंगा रैली: घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को किया जागरूक

बनाहिल/अकलतरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय, बनाहिल, अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के दौरान पूरा बनाहिल क्षेत्र देशभक्ति के नारों और तिरंगे की आन-बान-शान से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर से हुई, जहां NSS के स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रैली में हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ सहित देशभक्ति के नारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराया।
रैली ग्राम पंचायत बनाहिल के मुख्य चौक से होकर गांव की विभिन्न गलियों और प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान स्वयंसेवकों ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को बताया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव, स्वतंत्रता और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है।
15 अगस्त के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
अभियान के दौरान ग्रामीणों को महाविद्यालय में आयोजित होने वाले 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के ध्वजारोहण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया गया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस को केवल एक औपचारिक आयोजन के रूप में न मनाकर पूरे उत्साह और गौरव के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक करें।
युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
रैली में बड़ी संख्या में NSS स्वयंसेवकों के साथ छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों का अनुशासन, हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान युवाओं को राष्ट्र की संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में देशप्रेम के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।
इस अवसर पर दुर्गा टण्डन, अनुज जैन, अरविंद कुमार, संध्या सिंह, नवीन आदित्य, राहुल राठौर, सरिता पटेल, चंद्ररुपा कश्यप, संदीप कुर्रे, अशोक पाण्डेय, सुनीता पाण्डेय, दिलीप विश्वकर्मा, पायल दास, भगवती देवांगन, हितेश्वरी कश्यप, रश्मि मरकाम, समरीन मिर्जा, राजेश कुमार, मनीष गंधर्व, आकाश दास, नीरज निर्मलकर, बृजनंदन पटेल एवं द्वाशराम कश्यप सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश लेकर निकली इस रैली ने बनाहिल में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को नई ऊर्जा प्रदान की और ग्रामीणों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का प्रेरणादायी संदेश दिया।








