.AD

घायल बुजुर्ग के लिए फरिश्ता बने अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा: गश्त के दौरान दिखाई मानवीय संवेदना

अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए पहुंचाया अस्पताल: पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका

अकलतरा। पुलिस की वर्दी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर कार्रवाई करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि जरूरत के समय मानवता और संवेदना का परिचय देना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी मानवीय भावना का एक सराहनीय उदाहरण अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने पेश किया।

जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा उद्यान के सामने एक बुजुर्ग व्यक्ति अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हुए थे। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रहे थाना प्रभारी भास्कर शर्मा की नजर घायल बुजुर्ग पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल अपने थाने की टीम को मौके पर बुलाया और घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

थाना प्रभारी की इस त्वरित और मानवीय पहल से घायल बुजुर्ग को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। पुलिस अधिकारी द्वारा संवेदनशीलता के साथ उठाए गए इस कदम की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। आमतौर पर पुलिस को लेकर लोगों के मन में कानून-व्यवस्था और कार्रवाई की छवि रहती है, लेकिन अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने यह साबित किया कि पुलिस जनता की सुरक्षा के साथ-साथ मानवता और संवेदना के लिए भी सदैव तत्पर है।

इस मानवीय पहल में SI दिव्या कुर्रे, मनभावन पटेल और महेंद्र राज सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं स्थानीय पत्रकार यशपाल चौबे एवं उदय पांडेय ने भी मौके पर सहयोग करते हुए घायल बुजुर्ग की सहायता में योगदान दिया।


 क्षेत्र में सक्रियता और संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल

गौरतलब है कि थाना प्रभारी भास्कर शर्मा लगातार अकलतरा थाना क्षेत्र में सक्रिय रहकर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास कायम करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था और सामाजिक समन्वय के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता के प्रति उनकी संवेदनशील कार्यशैली क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

घायल बुजुर्ग की मदद के लिए थाना प्रभारी द्वारा दिखाई गई तत्परता ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि पुलिस की वर्दी में कठोरता के साथ-साथ मानवता भी मौजूद होती है। अकलतरा पुलिस की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे मानवीय कार्यों से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का रिश्ता और अधिक मजबूत होता है।


Related Articles