.AD


वैगनआर और बोलेरो की भीषण टक्कर में उपसरपंच सहित पुत्र की दर्दनाक मौत: महिला गंभीर रूप से घायल

बूचीहरदी (बलौदा) की घटना

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र अंतर्गत बूचीहरदी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। वैगनआर कार और बोलेरो वाहन के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। वहीं टक्कर से बोलेरा वाहन पलट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम अमोरा निवासी उपसरपंच रूपेश निर्मलकर और उनके पुत्र राहुल निर्मलकर के रूप में बताई जा रही है। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला भगवती निर्मलकर (पति रूपेश निर्मलकर) को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के सामने के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बोलेरो वाहन पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को वाहन से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस हृदयविदारक घटना से ग्राम अमोरा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उपसरपंच रूपेश निर्मलकर के निधन से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में गहरा दुःख व्याप्त है।


Related Articles