.AD

पांच पाव महुआ शराब के नाम पर 80 हजार की कथित वसूली!

आबकारी उड़नदस्ता बिलासपुर संभाग टीम पर बुजुर्ग से मारपीट और रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप

40 हजार रुपये नकद देने और 10 हजार अगले दिन देने पर बनी कथित सहमति: बिलासपुर संभाग की उड़नदस्ता टीम की कार्रवाई सवालों के घेरे में

जगमहंत में कार्रवाई के बाद दो ग्रामीणों को गाड़ी में बैठाकर ले जाने, परिजन को बुलाने और जेल भेजने का दबाव बनाने का आरोप; मामले की निष्पक्ष जांच की उठ रही मांग

संकेतात्मक चित्र 👆

जांजगीर-नवागढ़। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी संभालने वाले आबकारी विभाग की बिलासपुर संभागीय उड़नदस्ता टीम पर ही अवैध वसूली, रिश्वत की मांग और बुजुर्ग के साथ मारपीट जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामला 27 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:50 बजे जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगमहंत के गौठान के पास का बताया जा रहा है। आरोप है कि टीम ने दो ग्रामीणों के पास से पांच पाव कच्ची महुआ शराब जब्त की और इसके बाद उन्हें कार्रवाई का भय दिखाकर छोड़ने के एवज में 80 हजार रुपये की मांग की। कथित बातचीत के बाद 50 हजार रुपये में मामला तय हुआ, जिसमें 40 हजार रुपये नकद दिए जाने और शेष 10 हजार रुपये अगले दिन देने की सहमति बनने की बात सामने आई है।

पांच पाव शराब से शुरू हुआ मामला, बुजुर्ग से मारपीट का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी उड़नदस्ता बिलासपुर संभाग की टीम दो वाहनों में ग्राम जगमहंत पहुंची थी। इनमें एक काले रंग की TUV और दूसरी बोलेरो वाहन शामिल थी। टीम में एक महिला उपनिरीक्षक, तीन उपनिरीक्षक, एक निरीक्षक और दोनों वाहनों के चालक सहित कुल सात लोग होने की जानकारी सामने आई है। निरीक्षक का नाम विक्रम आनंद तथा उपनिरीक्षक का नाम राजकुमार कुर्रे बताया जा रहा है।

टीम की कार्रवाई के दौरान चंद्रशेखर सिंह (लगभग 50 वर्ष) और कुमार सिंह (लगभग 65 वर्ष) के पास से पांच पाव कच्ची महुआ शराब जब्त किए जाने की बात कही जा रही है। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी हुई। आरोप है कि बहसबाजी के दौरान आबकारी टीम के सदस्यों ने 65 वर्षीय बुजुर्ग कुमार सिंह के साथ मारपीट भी की।

दो किलोमीटर दूर ले जाकर परिजन को बुलाने का आरोप

आरोपों के मुताबिक, कार्रवाई के बाद दोनों व्यक्तियों को पकड़कर आबकारी टीम अपने वाहन में बैठाकर घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर ले गई। वहां उनसे परिजनों का मोबाइल नंबर मांगा गया। इसके बाद एक व्यक्ति ने अपने परिजन सनत सिंह को मोबाइल नंबर 9770410810 से फोन कर मौके पर बुलाया। बताया जा रहा है कि यह नंबर Truecaller पर योगेश दुबे के नाम से प्रदर्शित हो रहा था। हालांकि, मोबाइल नंबर के वास्तविक धारक की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

फोन मिलने पर सनत सिंह मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद आबकारी अधिकारियों ने उनके परिजनों को जेल भेजने का दबाव बनाया। इस पर सनत सिंह ने उपनिरीक्षक राजकुमार कुर्रे से दोनों को जेल नहीं भेजने की गुहार लगाई।

80 हजार की मांग, 50 हजार में कथित समझौता

मामले का सबसे गंभीर पहलू कथित लेनदेन से जुड़ा है। सनत सिंह के आरोपों के अनुसार, दोनों व्यक्तियों को छोड़ने के एवज में उपनिरीक्षक राजकुमार कुर्रे और निरीक्षक विक्रम आनंद द्वारा 80 हजार रुपये की मांग की गई। बातचीत के बाद 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनने की बात कही जा रही है। इसमें से 40 हजार रुपये नकद दिए जाने तथा शेष 10 हजार रुपये अगले दिन देने की सहमति बनने का दावा किया गया है।

यदि ये आरोप सही साबित होते हैं तो यह केवल विभागीय अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि कानून का पालन कराने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

आबकारी कार्रवाई या वसूली का दबाव? निष्पक्ष जांच जरूरी

अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करना आबकारी विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन किसी भी कार्रवाई की आड़ में मारपीट, भयादोहन या पैसे की मांग के आरोप बेहद गंभीर हैं। विशेषकर जब मामला पांच पाव महुआ शराब की जब्ती से जुड़ा हो और कथित तौर पर हजारों रुपये के लेनदेन की बात सामने आ रही हो।

अब सवाल यह है कि क्या आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेंगे? क्या संबंधित अधिकारियों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, वाहनों की लोकेशन तथा कथित 40 हजार रुपये के लेनदेन की जांच कराई जाएगी?

इन बिंदुओं पर जवाब जरूरी:-

1. क्या 27 नवंबर को बिलासपुर संभागीय उड़नदस्ता टीम ने ग्राम जगमहंत में कार्रवाई की थी?

2. टीम में शामिल सातों सदस्यों की पहचान और उनकी आधिकारिक ड्यूटी का विवरण क्या है

3. क्या 65 वर्षीय कुमार सिंह के साथ मारपीट हुई? यदि हां, तो उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए ?

4. दोनों ग्रामीणों को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर ले जाने का क्या कारण था?

5. क्या परिजन को बुलाकर जेल भेजने का दबाव बनाया गया?

6. क्या 80 हजार रुपये की कथित मांग और 40 हजार रुपये नकद दिए जाने के आरोपों की जांच होगी?

फिलहाल सामने आए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित अधिकारियों का पक्ष लिया जाना शेष है। ऐसे में आबकारी विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग है कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाए।

शराबबंदी और अवैध शराब पर कार्रवाई का संदेश देने वाले विभाग की अपनी टीम पर ही वसूली के आरोप लगना बेहद गंभीर है। अब देखना होगा कि विभाग इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराता है या मामला महज विभागीय कार्रवाई के दावों तक सीमित रह जाता है।


Related Articles