अकलतरा शराब भट्ठी के चखना सेंटर में चाकूबाजी: तीन घायल
थाना प्रभारी भास्कर शर्मा की त्वरित कार्रवाई से आरोपी गिरफ्तार

अकलतरा शराब भट्ठी के चखना सेंटर में चाकूबाजी, तीन घायल… थाना प्रभारी भास्कर शर्मा की त्वरित कार्रवाई से आरोपी गिरफ्तार
अकलतरा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित शराब भट्ठी के चखना सेंटर में मंगलवार दोपहर लगभग 2 बजे हुई चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना में अपरमेश्वर केवट पिता स्व. दुकालू केवट, धीरज खांडेकर पिता स्व. बोधराम तथा गणेश केवट पिता फिरान केवट घायल हुए हैं। तीनों बुटरा भावर एवं करू महू क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे चखना सेंटर में हुआ विवाद बताया जा रहा है। मामले में चखना सेंटर संचालक मंजीत सिंह, निवासी सुपेला, भिलाई नगर (छत्तीसगढ़) पर हमला करने का आरोप सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चखना सेंटर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में उग्र विवाद में बदल गई। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने त्वरित सक्रियता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी मंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया तथा मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है।
थाना प्रभारी भास्कर शर्मा की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस का मौके पर पहुंचना, हालात को नियंत्रित करना तथा आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करना पुलिस की मुस्तैदी और कानून व्यवस्था के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। उनकी सक्रिय कार्यशैली से मामले में तत्काल नियंत्रण स्थापित किया जा सका।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी की घटना ने लोगों को जरूर चिंतित किया है, लेकिन अकलतरा पुलिस की तेज और निर्णायक कार्रवाई ने आमजन के बीच भरोसा मजबूत किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।








