बलौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 07 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बलौदा पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 07 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बलौदा क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धनवार पारा, चांदनिया (बलौदा) निवासी बंधन धनवार (42 वर्ष) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 07 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के पास शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के पश्चात न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों तथा अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समाज में अपराध एवं नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक रज्जू रात्रे, प्रहलाद निर्मलकर, जरायम बिंझवार, रोहित साहू तथा महिला आरक्षक रूखमणी निर्मलकर का सराहनीय योगदान रहा, जिनकी सक्रियता और तत्परता से अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।









