.AD

जेएसडब्ल्यू प्लांट से कॉपर प्लेट चोरी का मामला: फरार तीन आरोपी को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

पूर्व में एक आरोपी की हो चुकी थी गिरफ्तारी

जांजगीर-चांपा जिले के थाना अकलतरा पुलिस ने जेएसडब्ल्यू महानदी पावर प्लांट से कॉपर प्लेट चोरी के चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे तीन आरोपियों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस ने न केवल चोरी की वारदात का पूरा नेटवर्क उजागर किया, बल्कि चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।

मामले के अनुसार, जेएसडब्ल्यू प्लांट में कार्यरत सुरक्षा अधिकारी ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि प्लांट परिसर में पेट्रोलिंग के दौरान कुछ लोग संदिग्ध परिस्थितियों में कॉपर प्लेट निकालते दिखाई दिए। सुरक्षा टीम के पहुंचते ही तीन-चार व्यक्ति मौके से भागने लगे, लेकिन एक आरोपी को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम जलेश्वर प्रसाद केवट (30 वर्ष), निवासी बनाहिल, थाना अकलतरा बताया, जो जेएसडब्ल्यू प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत है। उसके कब्जे से छोटे-बड़े 38 कॉपर के टुकड़े बरामद किए गए थे। उसे पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

जांच के दौरान पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। सटीक सूचना और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने संतोष रजक (निवासी जेवरा, थाना मुलमुला), दिनेश राठौर (निवासी सिघनसरा, थाना सक्ती) तथा गोपेश कुमार साहू (निवासी तनौद, थाना शिवरीनारायण) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की कॉपर प्लेट तरौद निवासी बसंत नायक को बेचने की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस ने बसंत नायक के घर की तलाशी ली, जहां से चोरी की कॉपर प्लेट बरामद हुई। चोरी का सामान खरीदने के आरोप में बसंत नायक (42 वर्ष), निवासी तरौद, थाना अकलतरा को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस पूरे मामले में थाना अकलतरा पुलिस ने त्वरित, सुनियोजित और प्रभावी विवेचना करते हुए फरार आरोपियों तक पहुंच बनाई तथा चोरी के माल की बरामदगी कर मामले का महत्वपूर्ण खुलासा किया।

थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। उनकी सक्रिय कार्यशैली, लगातार मॉनिटरिंग और टीम के साथ प्रभावी समन्वय के कारण पुलिस को इस मामले में उल्लेखनीय सफलता मिली। निरीक्षक भास्कर शर्मा के निर्देशन में अकलतरा पुलिस ने यह साबित किया है कि अपराध करने वाले और चोरी का सामान खरीदने वाले दोनों ही कानून की पकड़ से बच नहीं सकते।



Related Articles