.AD

शासकीय हाई स्कूल मुलमुला में हिंदी दिवस पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन

हिंदी के प्रति रुचि जागृत करने विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया सहभागिता

मुलमुला। शासकीय हाई स्कूल मुलमुला में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि जागृत करने तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं सम्मान के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सावित्री सिंह यादव की अनुमति एवं डॉ. ज्योति सक्सेना, नवाचारी व्याख्याता (हिंदी) के कुशल मार्गदर्शन में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवकाश के कारण कुछ कार्यक्रम पूर्व में ही आयोजित किए गए। हिंदी पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन हिंदी भाषा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्लोगन लेखन, कविता पाठ, पुस्तक वाचन, चित्रकला, भाषण, निबंध लेखन, व्याकरण आधारित पोस्टर एवं कार्ड निर्माण तथा हिंदी शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) का निर्माण प्रमुख रहा। विद्यार्थियों ने सभी गतिविधियों में रुचि एवं उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

डॉ. ज्योति सक्सेना ने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं सम्मान के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य किया है। वे विश्व हिंदी परिषद की आजीवन सदस्य होने के साथ बिलासपुर शैक्षिक महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष भी हैं। विभिन्न हिंदी सेवी संस्थाओं से जुड़कर हिंदी के सम्मान में सेवा कार्य कर रही हैं। उन्हें अनेक प्रतिष्ठित लेखक, साहित्यकार एवं कवि सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। वे विभिन्न सेमिनार, कार्यशालाओं एवं संगोष्ठियों में सहभागिता तथा आयोजन कर चुकी हैं। उनके अनेक लेख प्रकाशित हुए हैं और उन्होंने विभिन्न आलेखों का वाचन भी किया है।

विद्यालय में सांस्कृतिक प्रभारी का दायित्व निभाते हुए डॉ. सक्सेना द्वारा अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। साथ ही वे ग्रामीण विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षण एवं निःशुल्क शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने में भी योगदान दे रही हैं। कक्षा 9वीं से 12वीं तक हिंदी विषय की निःशुल्क ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी व्याकरण सरल एवं रुचिकर ढंग से पढ़ाया जाता है। व्याकरण के सूत्र एवं ट्रिक्स, माइंड मैप, चित्रों के माध्यम से शिक्षण, स्वनिर्मित नोट्स, कार्टून वीडियो, यूट्यूब वीडियो, पीडीएफ नोट्स, पीपीटी एवं व्याकरण आधारित कहानियों के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने में रुचि बढ़ाई जा रही है। स्वनिर्मित TLM के उपयोग से हिंदी विषय को सरल, सहज एवं प्रभावी बनाया जा रहा है।

विद्यालय के समस्त आयोजनों को सफल बनाने में सहयोगी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। श्रीमती प्रतीक्षा सिंह व्याख्याता, श्रीमती नीरजा सिंह व्याख्याता, श्री विमलेश कुमार पाण्डेय, श्री दिनेश बंजारे व्याख्याता, समस्त विद्यार्थी एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।

डॉ. ज्योति सक्सेना ने विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सावित्री सिंह यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न गतिविधियों के आयोजन का अवसर मिलता है। राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर सभी हिंदी प्रेमियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर शीघ्र आयोजित होगी संगोष्ठी

विद्यालय में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा के महत्व, उसके प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से शीघ्र ही एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।


Related Articles