.AD

नवाचार और समर्पण के लिए शिक्षिकाओं मधु कारकेल व पुष्पा सूर्यवंशी का सम्मान

शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मोमेंटो, शाल एवं श्रीफल देकर किया गया सम्मानित

जांजगीर। ड्रीम प्वाइंट, जांजगीर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षण के क्षेत्र में नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं मधु कारकेल एवं पुष्पा सूर्यवंशी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में दोनों शिक्षिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, नवाचारी प्रयासों एवं बेहतर शिक्षण कार्य के लिए मोमेंटो, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा गया कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, रचनात्मकता, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बदलते समय के साथ शिक्षण पद्धतियों में नवाचार अपनाकर विद्यार्थियों को सीखने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने वाले शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, इंजीनियर रवि पांडेय प्रदेश प्रवक्ता किसान मोर्चा तथा राजेश अग्रवाल अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा बतौर अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने सम्मानित शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना की।

समारोह के दौरान शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारी गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने तथा शिक्षा को रुचिकर एवं प्रभावी बनाने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे सम्मान शिक्षकों को अपने कार्यों में और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

सम्मान प्राप्त करने के बाद मधु कारकेल एवं पुष्पा सूर्यवंशी ने आयोजकों एवं समारोह में उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक के लिए विद्यार्थियों की प्रगति और सफलता सबसे बड़ा सम्मान है तथा भविष्य में भी शिक्षण कार्य में नए प्रयोग एवं बेहतर प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

शिक्षक सम्मान समारोह ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।


Related Articles