कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र जांजगीर में दीक्षारंभ 2026 कार्यक्रम हुआ आयोजित
एसपी विजय कुमार पांडेय ने नव प्रवेशी छात्र छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र

जांजगीर-चांपा। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जांजगीर-चांपा में आयोजित दीक्षारंभ 2026 (Student Induction Programme) कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के डीन मनीष कुमार ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक वातावरण, महाविद्यालय की गतिविधियों, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास तथा भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और सकारात्मक सोच के महत्व से भी अवगत कराया गया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं देशहित में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीन मनीष कुमार ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और शिक्षकों के मार्गदर्शन में अपने करियर को नई दिशा देने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रोफेसर डॉ. राजीव दीक्षित सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
दीक्षारंभ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालयीन जीवन की शुरुआत के साथ नई ऊर्जा, नई उम्मीद और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।









