.AD

अकलतरा नगर में पानी के लिए हाहाकार, पूरी रात जागकर पानी के लिए जूझ रही जनता

नगर के जिम्मेदार प्रशासनिक अमले की पूरे क्षेत्र में हो रही थू थू

भाजपा पार्षद, स्थानीय पत्रकारों एवं कांग्रेस पार्षदों सहित जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम और मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांगे जवाब


जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। नगर के अनेक वार्डों में पानी की आपूर्ति बाधित होने से हालात गंभीर तथा चिंताजनक बन गए हैं। स्थिति ऐसी है कि लोग दिन के साथ-साथ पूरी रात जागकर पानी भरने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। भीषण गर्मी और अनियमित जलापूर्ति के कारण आम नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है तथा नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

नगरवासियों का कहना है कि कई वार्डों में नलों से पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग रातभर पानी आने की प्रतीक्षा में जागते हैं और जैसे ही सप्लाई शुरू होती है, पानी भरने के लिए होड़ मच जाती है। नगर के कई परिवारों के निजी बोरवेल, हैंडपंप पूरी तरह सुख चुके हैं और खरीदे गए पानी के सहारे अपनी दैनिक आवश्यकताएं पूरी करनी पड़ रही हैं।

इस गंभीर समस्या को लेकर अब जनप्रतिनिधि भी खुलकर सामने आने लगे हैं। भाजपा के पार्षद मोनू नामदेव, स्थानीय पत्रकारों, कांग्रेस के कई पार्षदों तथा नगर के अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना नगर पालिका और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

जनप्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अकलतरा (एसडीएम) तथा नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से जनता के सामने आकर स्थिति स्पष्ट करने और जल संकट के स्थायी समाधान के संबंध में जवाब देने की मांग की है। उनका कहना है कि जब नगरवासी पूरी रात जागकर पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब जिम्मेदार अधिकारियों को भी जनता के प्रति अपनी जवाबदेही निभानी चाहिए। बतादें की नगर में व्याप्त पानी की समस्या को लेकर जिम्मेदार स्थानीय नगर प्रशासन के विफल रणनिति की पूरे क्षेत्र में थू थू हो रही है

स्थानीय पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यह संकट और बद्तर रूप ले सकता है। उन्होंने प्रभावित वार्डों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, खराब पाइपलाइन और मोटर पंपों की तत्काल व्यवस्था कराने तथा पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की मांग कर रहे है।

अकलतरा में पानी की एक-एक बूंद के लिए जूझ रही जनता अब केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और जवाबदेही की अपेक्षा कर रही है। नगरवासियों का सवाल है कि जब पेयजल जैसी बुनियादी आवश्यकता के लिए लोगों को पूरी रात जागना पड़ रहा है, तब आखिर इस व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन लेगा और जनता को राहत कब मिलेगी?


Related Articles