.AD

जाँचा, परखा... फिर सौंपी जिम्मेदारी: मुलमुला थाना की कमान अब निरीक्षक शिवानंद सिंह के हाथों

महज चार दिन के कार्यकाल में चोरी का खुलासा कर 24 घंटे के भीतर चोरों को सामान सहित दबोचने वाले शिवानंद सिंह पर एसपी विजय कुमार पांडेय ने जताया भरोसा

जांजगीर-चांपा। जिले की पुलिस व्यवस्था में स्थानांतरण एवं पदस्थापना के क्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मुलमुला थाना की कमान अब निरीक्षक शिवानंद सिंह को सौंपी है। नवपदस्थ थाना प्रभारी की जिम्मेदारी को लेकर पुलिस महकमे के साथ-साथ क्षेत्र में भी चर्चा शुरू हो गई है। खास बात यह है कि शिवानंद सिंह को मुलमुला जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्र की जिम्मेदारी देने से पहले उनके कार्यशैली और कार्रवाई को परखा जा चुका है।

बताया जा रहा है कि अपने पिछले चार दिन के कार्यकाल में ही शिवानंद सिंह ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया था। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। कम समय में मामले का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी को उनकी सक्रिय एवं त्वरित पुलिसिंग का उदाहरण माना जा रहा है।

एसपी विजय पांडेय का प्रयोग, अब नई जिम्मेदारी

मुलमुला थाना में निरीक्षक शिवानंद सिंह की पदस्थापना को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय की सोची-समझी और दूरदर्शी पुलिसिंग रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले भी एसपी द्वारा मुलमुला थाना को लेकर किए गए प्रयोग ने क्षेत्र में एक लंबे समय से चली आ रही धारणा को बदलने का काम किया।

मुलमुला थाना को लेकर बनी एक पुरानी धारणा भी टूटी

एक समय मुलमुला थाना क्षेत्र में आए दिन विवाद एवं दंगा-फसाद जैसी परिस्थितियां निर्मित होने की चर्चाएं होती थीं। इसी वजह से क्षेत्र को लेकर एक धारणा बन गई थी कि यहां केवल SC/ST वर्ग से संबंधित थाना प्रभारी ही प्रभावी ढंग से कानून-व्यवस्था संभाल सकते हैं।

हालांकि पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने इस धारणा को चुनौती देते हुए प्रयोग के तौर पर तत्कालीन उपनिरीक्षक पारस पटेल को मुलमुला थाना की जिम्मेदारी सौंपी थी। पारस पटेल ने एक वर्ष से अधिक के अपने कार्यकाल में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और थाना क्षेत्र को शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने में सफलता हासिल की। इसके साथ ही मुलमुला थाना को लेकर लंबे समय से चली आ रही उक्त धारणा भी काफी हद तक कमजोर हुई।

अब शिवानंद सिंह की अग्निपरीक्षा

पारस पटेल के बाद अब निरीक्षक शिवानंद सिंह को मुलमुला थाना की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी पिछली त्वरित कार्रवाई और अपराध नियंत्रण के तरीके को देखते हुए उनसे भी प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद की जा रही है।

मुलमुला थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना, लंबित मामलों का निराकरण और आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम रखना नवपदस्थ थाना प्रभारी के सामने प्रमुख चुनौतियां होंगी।

अब देखना होगा कि कम समय में अपनी कार्रवाई से पहचान बनाने वाले निरीक्षक शिवानंद सिंह मुलमुला थाना क्षेत्र में पुलिसिंग की जिम्मेदारी को किस तरह निभाते हैं और जनता की अपेक्षाओं पर कितने खरे उतरते हैं।


Related Articles