.AD

अकलतरा स्टेडियम के पास युवक का फांसी से लटका मिला शव

क्षेत्र में फैली सनसनी

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने स्टेडियम के पास एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई।

मृतक की पहचान रुपेश चौहान (उम्र 19 वर्ष) पिता शेखर चौहान, निवासी वार्ड नंबर 14 अकलतरा के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक कल सुबह रायपुर गया हुआ था और शाम लगभग 5 बजे अपने घर वापस लौटा था। बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे भोजन करने के बाद वह घर से निकला, जिसके बाद उसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अगली सुबह स्टेडियम के पास रहने वाले लोगों ने उसका शव पेड़ से लटका हुआ देखा और पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

*नशेड़ियों का अड्डा बना स्टेडियम क्षेत्र*

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अकलतरा स्टेडियम के आसपास का क्षेत्र लंबे समय से असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। शाम होते ही यहां शराब पीने, नशीली दवाओं के सेवन और अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों का जमावड़ा लग जाता है। मौके पर अक्सर शराब की खाली बोतलें, नशीली दवाइयों के रैपर और सुलेशन जैसे पदार्थों के अवशेष साफ देखे जा सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

*पुलिस कर रही हर एंगल से जांच*

पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और आत्महत्या सहित अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस दुखद घटना ने पूरे अकलतरा क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, लोगों की मांग है कि स्टेडियम क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


Related Articles