JSW महानदी पॉवर प्लांट को मिला उत्कृष्ट औद्योगिक प्रबंधन का सम्मान, YBC 24 News स्थापना दिवस पर हुआ भव्य आयोजन

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में आयोजित YBC 24 News (सच के तह तक) के स्थापना दिवस समारोह में इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में औद्योगिक प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए JSW महानदी पॉवर कंपनी लिमिटेड को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत अमरताल स्थित श्री आनंदम धाम निधिवन रिसॉर्ट में भव्य रूप से संपन्न हुआ, जहां क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, उद्योग प्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
JSW महानदी पॉवर प्लांट को यह सम्मान उसके बहुआयामी और प्रभावशाली कार्यों के लिए प्रदान किया गया। प्लांट प्रबंधन द्वारा न केवल औद्योगिक प्रबंधन में उत्कृष्टता दिखाई गई, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत कई सराहनीय पहल भी की गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा को बढ़ावा, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्वास्थ्य परीक्षण/शिविर, औद्योगिक सुरक्षा के उच्च मानक, जनजागरूकता अभियान, क्षेत्रीय विकास कार्य तथा श्रमिक कल्याण योजनाएं शामिल हैं।
प्लांट द्वारा आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लाईट व्यवस्था, पानी की व्यवस्था, सड़क व्यवस्था, वृक्षारोपण अभियान चलाए गए हैं, वहीं शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों को सहयोग, छात्र-छात्राओं को संसाधन उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी नियमित रूप से किया जाता रहा है। इसके साथ ही श्रमिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए एक सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित किया गया है।
समारोह के दौरान मंच से वक्ताओं ने JSW महानदी पॉवर प्लांट की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक विकास का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। इस प्रकार के प्रयास न केवल क्षेत्र के विकास को गति देते हैं, बल्कि अन्य औद्योगिक संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनते हैं।
कार्यक्रम में सम्मान प्राप्त करने के बाद JSW प्रबंधन की ओर से कहा गया कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा तथा वे आगे भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
YBC 24 News का यह स्थापना दिवस समारोह न केवल सम्मान और उपलब्धियों का मंच बना, बल्कि समाज और उद्योग के बीच सकारात्मक समन्वय का एक सशक्त संदेश भी देकर गया।








