अकलतरा हाई स्कूल मैदान में गंदे पानी का संकट: बदबू से त्रस्त नागरिक
बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा: प्रशासनिक कार्रवाई की दरकार

जांजगीर जिले के अकलतरा नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल अकलतरा स्थित हाई स्कूल मैदान इन दिनों गंभीर समस्या से जूझ रहा है। पिछले लगभग दस दिनों से मैदान में गंदे पानी के बहाव का मामला सामने आया है, जिससे वहां खेल रहे बच्चों, आने-जाने वाले नागरिकों तथा आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ तथाकथित 4-5 व्यक्तियों द्वारा खुले मैदान में नियमित रूप से गंदा पानी छोड़ा जा रहा है। यह पानी मैदान में फैलकर कीचड़ और दुर्गंध का कारण बन रहा है, जिससे पूरा वातावरण अस्वच्छ हो गया है। सुबह-शाम बड़ी संख्या में नागरिक इस मैदान से होकर गुजरते हैं और बच्चे यहां खेलकूद करते हैं, लेकिन अब बदबू और गंदगी के कारण उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
नागरिकों ने बताया कि स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि मैदान में खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है। गंदे पानी के कारण मच्छरों और कीटों की संख्या बढ़ने लगी है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। अभिभावकों में अपने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने स्थानीय प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेने आग्रह किया है और संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर इस प्रकार गंदगी फैलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ भी है।
नगरवासियों ने कहा कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा मैदान की साफ-सफाई कर इसे पुनः उपयोग के योग्य बनाया जाए।
यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।








