गौ विज्ञान परीक्षा परिणाम घोषित, जांजगीर जिले में दीपांश केंवट ने किया टॉप
आधारशिला शिशुमंदिर स्कूल बनाहिल का छात्र, छात्रा वसुंधरा केंवट भी टॉप टेन में शामिल

जांजगीर-चांपा।
गौ विज्ञान परीक्षा के द्वितीय चरण का परिणाम घोषित होने के बाद जांजगीर जिले में खुशी की लहर है। अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत बनाहिल में संचालित आधारशिला शिशुमंदिर स्कूल के छात्र दीपांश केंवट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वहीं इसी विद्यालय की छात्रा वसुंधरा केंवट ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप टेन में अपना स्थान बनाया है।
दीपांश केंवट की इस उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। विद्यालय परिवार, अभिभावकों और ग्रामीणों ने छात्र की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उसे बधाई दी है।
विद्यालय के संचालक संतराम कैवर्त्य ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आधारशिला शिशुमंदिर स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि यहां के विद्यार्थी लगातार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि छात्र दीपांश केंवट पिछले दो वर्षों से लगातार जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप स्थान हासिल कर रहा है। उसकी इस निरंतर सफलता से विद्यालय परिवार को भी गर्व महसूस हो रहा है।
गौ विज्ञान परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाती है। पहले चरण में विद्यालय स्तर पर परीक्षा होती है, जबकि दूसरे चरण में जिला स्तर पर परीक्षा आयोजित की जाती है। इन दोनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को तीसरे चरण यानी प्रदेश स्तर की परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलता है।
द्वितीय चरण के परीक्षा परिणाम में टॉप स्थान हासिल करने के बाद अब दीपांश केंवट के प्रदेश स्तर की परीक्षा में शामिल होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। यदि वह प्रदेश स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है तो यह पूरे जांजगीर जिले के लिए गर्व की बात होगी।
विद्यार्थियों की इस सफलता से बनाहिल और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा लोग उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे हैं।








