सेंट जेवियर्स स्कूल अकलतरा में साइबर सुरक्षा, यातायात एवं करियर मार्गदर्शन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
वेल विशर फाउंडेशन बैनर तले कार्यक्रम हुआ आयोजित
थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों की दी जानकारी

अकलतरा। विद्यार्थियों को डिजिटल युग की चुनौतियों, सुरक्षित यातायात और उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से वेल विशर फाउंडेशन के तत्वावधान में सेंट जेवियर्स स्कूल, अकलतरा में साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा एवं करियर मार्गदर्शन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर नवपदस्थ थाना प्रभारी जय कुमार साहू, प्रोफेसर सुनील कुमार साहू एवं प्रोफेसर उपेंद्र वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई किसी भी एपीके (APK) फाइल को डाउनलोड या ओपन न करें। उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित एवं सुरक्षित उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक या साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया।

यातायात सुरक्षा पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नाबालिगों को किसी भी स्थिति में वाहन नहीं चलाना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, यातायात संकेतों का पालन करना तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

करियर मार्गदर्शन सत्र में प्रोफेसर सुनील कुमार साहू ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता पाने के लिए प्रारंभ से ही अपने लक्ष्य स्पष्ट करें और उसी दिशा में निरंतर मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने बताया कि सही समय पर लिया गया निर्णय और नियमित प्रयास ही भविष्य की सफलता की नींव बनते हैं।
प्रोफेसर उपेंद्र वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कठिनाइयाँ अवश्य आती हैं, लेकिन सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सतत परिश्रम से हर चुनौती पर विजय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कभी हार न मानने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य संदीप कुमार सेनगुप्ता ने वेल विशर फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और करियर मार्गदर्शन जैसे विषय विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों में सही सोच, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन वेल विशर फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संस्था के सदस्य दीपक साहू ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं शिक्षक प्रमिला सिंह, शाम्भवी सिंह, ज्योति सिंह, ज्योति विश्वकर्मा, नीरू क्षेत्री, पूजा शर्मा, प्रिया साव, अलका सोनी, किरण जायसवाल, दर्शन सिंह, रिंकी वर्मा, स्मिता विश्वकर्मा, श्रद्धा सारथी, मनोहर वैष्णव, अंकुर अनिमेष, अमृत साहू, श्रीचा तोमर, शिवानी, सुमन नोर्गे, अजय मिरी, वेदांत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, सुरक्षित यातायात और करियर से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों से प्रश्न भी पूछे, जिनका सरल और व्यावहारिक उत्तर दिया गया। अंत में सभी ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, यातायात नियमों का पालन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।







