होली पूर्व शांति समिति की बैठक सम्पन्न पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार में संपन्न
सौहार्दपूर्ण त्योहार मनाने पर जोर

जांजगीर-चांपा जिला के अंतर्गत अकलतरा थाना क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।
बैठक के दौरान होली पर्व में संभावित दंगा-फसाद, आपसी रंजिश, शराबखोरी तथा नशे में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर गंभीर चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे नशे में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। साथ ही, होली के दौरान प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों के उपयोग को बढ़ावा देने और रासायनिक रंगों से बचने की सलाह दी गई, जिससे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में कोटमी सोनार पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित जनों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में आपसी भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।
अंत में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान क्षेत्र में सतत गश्त एवं निगरानी रखी जाएगी, ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण में पर्व का आनंद ले सकें। बैठक का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव और पारस्परिक सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना रहा।



