सामाजिक एकता की ओर चौहान समाज का सशक्त कदम
बलौदा ब्लॉक में सामाजिक संपर्क अभियान का शुभारंभ

जांजगीर-चांपा/बलौदा।
चौहान समाज को संगठित, जागरूक और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रसौटा, पहरिया, पुरेना एवं कण्ड्रा से व्यापक सामाजिक संपर्क अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का उद्देश्य आगामी 2 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले बलौदा ब्लॉक स्तरीय चौहान समाज सम्मेलन में अधिक से अधिक समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा समाज को एक सूत्र में पिरोने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
अभियान के दौरान प्रचारक संजय कुमार चौहान (डोंगरी) एवं मनोज कुमार गंधर्व (बलौदा) ने गांव-गांव पहुंचकर चौहान समाज के सगा बंधुओं, मातृशक्ति एवं युवाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की उन्नति, शिक्षा, संगठन, सामाजिक समरसता और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी का एक मंच पर आना समय की आवश्यकता है।
प्रचार अभियान के दौरान समाजजनों को सम्मेलन का प्रचार-पत्र वितरित किया गया तथा सभी परिवारों से 2 अगस्त को आयोजित होने वाले ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन में परिवार सहित उपस्थित होकर सामाजिक एकता को मजबूत बनाने की अपील की गई। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने भी सामाजिक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा नई पीढ़ी को समाज की परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने पर बल दिया।
चारों ग्रामों में चौहान समाज के सगा बंधुओं एवं मातृशक्ति ने प्रचारक दल का आत्मीय स्वागत किया तथा सामाजिक विकास और संगठनात्मक गतिविधियों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समाजजनों ने कहा कि इस प्रकार का संपर्क अभियान समाज में आपसी भाईचारा, समन्वय और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अभियान के दौरान सामाजिक एकता, शिक्षा, युवा सहभागिता, महिला सशक्तिकरण तथा समाज के समग्र विकास को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित समाजजनों ने संकल्प लिया कि आगामी ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए प्रत्येक गांव से अधिकाधिक संख्या में समाजजन सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
चौहान समाज के इस सामाजिक संपर्क अभियान से बलौदा ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। समाज के वरिष्ठजनों का मानना है कि ऐसे सतत संपर्क अभियान समाज को नई दिशा देने, संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक विकास की गति को और अधिक तेज करने में महत्वपूर्ण साnबित होंगे।







