.AD

जनगणना के नाम पर ठगी से रहें सावधान: एसपी निवेदिता पाल की बड़ी अपील

सही व्यक्ति को ही दें जानकारी, संदिग्ध दिखे तो तुरंत करें पुलिस को सूचित

जांजगीर-चांपा। देशभर में शुरू हो रही जनगणना को लेकर जिला पुलिस प्रशासन ने आमजन से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा है कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सही जानकारी बेहद आवश्यक होती है, लेकिन इसके नाम पर ठगी या धोखाधड़ी की घटनाओं की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान अधिकृत कर्मचारी ही घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करते हैं। ऐसे में नागरिकों को चाहिए कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत या संवेदनशील जानकारी देने से पहले उसकी पहचान अवश्य सुनिश्चित करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति जनगणना के नाम पर जानकारी मांगता है या आर्थिक लाभ, बैंक विवरण, ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी मांगता है, तो यह ठगी का प्रयास हो सकता है।

उन्होंने कहा कि आमजन सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अपने नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। समय पर दी गई सूचना न केवल एक व्यक्ति को बल्कि पूरे समाज को ठगी से बचा सकती है।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने यह भी अपील की कि नागरिक जनगणना कार्य में सहयोग जरूर करें, लेकिन केवल अधिकृत और पहचानयुक्त कर्मचारियों को ही सही जानकारी दें। साथ ही, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों से बचें और सत्यापित जानकारी पर ही विश्वास करें।

जिला पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जनगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनता से अपील की गई है कि वे जागरूक नागरिक बनें, सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि जिले में सुरक्षित और सुचारु जनगणना कार्य सुनिश्चित किया जा सके।


Related Articles