.AD

कृषि शिक्षा, अनुसंधान और खेल सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलसचिव कपिल देव दीपक एवं निदेशक छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा का कृषि महाविद्यालय जांजगीर-चांपा में औचक निरीक्षण

जांजगीर-चांपा। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलसचिव श्री कपिल देव दीपक एवं निदेशक छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जांजगीर-चांपा का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक, अनुसंधान एवं छात्र सुविधाओं का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न प्रयोगशालाओं, छात्रावासों, पुस्तकालय, अनुसंधान प्रक्षेत्र तथा निर्माणाधीन खेल परिसर का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया।

कुलसचिव श्री कपिल देव दीपक ने मृदा विज्ञान, उद्यानिकी तथा पादप रोग विज्ञान प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही महाविद्यालय परिसर एवं कृषि प्रक्षेत्र में संचालित अनुसंधान गतिविधियों का भी अवलोकन किया।

महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अजय प्रकाश अग्रवाल ने उन्हें निर्माणाधीन आधुनिक क्रीड़ा परिसर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय के एक्रीडिटेशन के लिए खेल अधोसंरचना का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मड़वा पावर प्लांट के सहयोग से लगभग 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में क्रीड़ा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी डॉ. राजीव दीक्षित ने क्रीड़ा परिसर में एक मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग भी रखी।

डॉ. अजय प्रकाश अग्रवाल ने कुलसचिव एवं निदेशक छात्र कल्याण को बालक एवं बालिका छात्रावास का भ्रमण कराते हुए छात्र-छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें खेलकूद के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा विश्वविद्यालय और महाविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

डॉ. मनीष कुमार एवं श्रीमती मंजू टंडन ने धान क्रॉप कैफेटेरिया की जानकारी दी, वहीं अधिष्ठाता डॉ. अजय प्रकाश अग्रवाल ने सुगंधित धान सहित विभिन्न फसलों पर चल रहे अनुसंधान कार्यों से अवगत कराया। कुलसचिव ने कृषि अभियांत्रिकी विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तैयार मॉडलों का अवलोकन कर उनकी सराहना की तथा कीट विज्ञान विभाग के प्रैक्टिकल मैन्युअल का विमोचन भी किया।

उन्होंने महाविद्यालय की लाइब्रेरी का निरीक्षण कर उसकी व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। साथ ही समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। कुलसचिव श्री कपिल देव दीपक ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमता का शत-प्रतिशत योगदान देकर महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

यह दौरा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जांजगीर-चांपा के लिए नई संभावनाओं और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे शिक्षा, अनुसंधान, खेल सुविधाओं और छात्र कल्याण के क्षेत्र में और अधिक प्रगति की उम्मीद जताई जा रही है।


Related Articles