प्रधान पाठक की कार्यशैली से असंतुष्ट स्कूल प्रबंधन समिति ने जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन: स्थानांतरण की मांग

जांजगीर-चांपा, 23 फरवरी 2026।
विकासखंड अकलतरा अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मुड़पार के प्रधान पाठक के खिलाफ स्कूल प्रबंधन समिति ने गंभीर आरोप लगाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर विभागीय कार्रवाई एवं स्थानांतरण की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मुड़पार स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक ओमप्रकाश मानस पर विद्यालय संचालन में लापरवाही एवं मनमानी कार्यशैली अपनाने का आरोप लगाया गया है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को संबोधित पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्रधान पाठक द्वारा समिति अध्यक्ष को विद्यालय से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता को लेकर कई बार सुधार हेतु चर्चा की गई, किंतु इस संबंध में प्रधान पाठक द्वारा कोई ठोस जानकारी अथवा कार्रवाई से अवगत नहीं कराया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति एवं समयपूर्व विद्यालय से चले जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। समिति का आरोप है कि इस विषय में मौखिक रूप से कई बार प्रधान पाठक को अवगत कराया गया, परंतु स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय में नियमित रूप से मासिक बैठक की सूचना समिति को नहीं दी जा रही है, जिससे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा प्रभावित हो रही है। समिति अध्यक्ष ने इसे विद्यालय प्रबंधन में पारदर्शिता की कमी बताया है।
स्कूल प्रबंधन समिति ने जिला शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रधान पाठक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाए तथा उन्हें अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए, ताकि विद्यालय का संचालन सुचारु रूप से हो सके और छात्रों की शिक्षा प्रभावित न हो।
अब सभी की निगाहें जिला शिक्षा विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।








