वन महोत्सव के तहत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पोंडी भाठा में हुआ वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

अकलतरा। अनुसंधान एवं विस्तार वन मण्डल बिलासपुर के तत्वावधान में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पोंडी भाठा, अकलतरा में वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्रीमती सुभद्रा साहू, शाला विकास समिति के अध्यक्ष शेख शमशुल, क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक छतराम साहू, किरण मानिकपुरी एवं हेमंत तिवारी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया और कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और संतुलित पर्यावरण के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।

विद्यालय परिवार की ओर से श्रीमती राजकुमारी कौशिक, विनोद वैष्णव, चंद्रिका प्रसाद देवांगन एवं कविता कुर्रे ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं वन विभाग की ओर से वन विस्तार अधिकारी लतेल राम भारद्वाज, सुरेंद्र राठौर एवं दीपेश देवांगन ने पौधारोपण के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी देते हुए पौधों की नियमित देखरेख का महत्व बताया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। वन महोत्सव का यह आयोजन विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।







