.AD

आकाश सिंह बने भाजयुमो जांजगीर-चांपा के जिला अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह

जांजगीर-चांपा।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) संगठन को जिले में नई ऊर्जा मिली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा राहुल टिकरीहा ने आकाश सिंह को भारतीय जनता युवा मोर्चा जांजगीर-चांपा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं में भारी उत्साह एवं हर्ष का माहौल देखा जा रहा है।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष आकाश सिंह ने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व एवं प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरीहा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। आकाश सिंह ने यह भी बताया कि उन्हें निरंतर छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े का मार्गदर्शन मिलता रहा है, जिससे संगठनात्मक कार्यों में उन्हें मजबूती और दिशा प्राप्त हुई है।

अपने वक्तव्य में आकाश सिंह ने कहा कि प्रदेश में माननीय विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में सुशासन की सरकार कार्य कर रही है, जहां समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा की भूमिका संगठन और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम है और इसी दिशा में वे जिले भर में सक्रियता के साथ कार्य करेंगे।

आकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य जिले में भाजयुमो संगठन को और अधिक सशक्त करना, युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवाओं को रोजगार, शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ते हुए भाजपा की नीतियों को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।

आकाश सिंह के जिला अध्यक्ष बनने पर जिले के भाजपा पदाधिकारियों, युवा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उन्हें बधाइयाँ दीं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि आकाश सिंह के नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता से भारतीय जनता पार्टी को जिले में निश्चित रूप से लाभ मिलेगा तथा संगठन को नई मजबूती प्राप्त होगी।


Related Articles