सुशासन तिहार 2026: तिलई में प्रशासन पहुंचा जनता के द्वार
मौके पर ही समस्याओं का त्वरित समाधान

जांजगीर-चांपा। माननीय मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले में प्रशासनिक सक्रियता का असर अब गांव-गांव में दिखाई दे रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार विभिन्न ग्रामों में शिविर आयोजित कर आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया जा रहा है।

इसी कड़ी में तहसील अकलतरा के ग्राम तिलई में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित निराकरण किया। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री सुमित बघेल, तहसीलदार श्री अविनाश चौहान, नायब तहसीलदार श्री प्रशांत गुप्ता सहित राजस्व निरीक्षक एवं पटवारीगण उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे वे शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें। प्रशासन की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत 5 कृषकों को भू-अधिकार अभिलेख कार्ड वितरित किए गए।
इसके अलावा, 18 आवेदकों को आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तत्काल प्रदान किए गए, जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी। वहीं, ग्रामीणों द्वारा लाए गए 10 त्रुटि सुधार, 11 फौती (नामांतरण) एवं अन्य आवेदनों को शिविर स्थल पर ही दर्ज कर उनका निराकरण किया गया।
शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी समस्याओं का समाधान गांव में ही हो जाता है।
सुशासन तिहार 2026 के तहत इस तरह के शिविर प्रशासन और आमजन के बीच दूरी कम कर रहे हैं तथा सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।






