.AD

अकलतरा में बेजा कब्जे के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख: रेलवे स्टेशन से आजाद चौक तक निकला चेतावनी मार्च

ठेला-व्यवसायियों को दो टूकखुद हटाएं अतिक्रमण, वरना होगी कार्रवाई

यातायात व्यवस्था सुधारने पुलिस ने संभाला मोर्चा

एसडीम, तहसीलदार, सीएमओ सहित अकलतरा पुलिस नगरीय अव्यवस्था को लेकर गंभीर

अकलतरा। नगर में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था और मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे किए जा रहे बेजा कब्जे को लेकर अकलतरा पुलिस ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सड़क किनारे ठेले, अस्थायी दुकानें और अन्य प्रकार के अतिक्रमण के कारण रोजाना बन रही जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने चेतावनी मार्च निकालकर अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क आवागमन के लिए है, उसे कब्जाकर यातायात बाधित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

इसी क्रम में एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जय कुमार साहू के नेतृत्व में अकलतरा पुलिस बल ने रेलवे स्टेशन से लेकर आजाद चौक तक चेतावनी मार्च पास्ट किया। इस दौरान पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों एवं चौक-चौराहों पर सड़क किनारे ठेला लगाकर फल, सब्जी एवं अन्य सामग्री का व्यवसाय करने वाले लोगों को समझाइश देते हुए यातायात बाधित नहीं करने की सख्त हिदायत दी।

सड़क पर ठेला लगाकर यातायात बाधित करने वालों को चेतावनी

मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले लोगों से कहा कि वे आवागमन वाले हिस्से में अपना ठेला या अस्थायी दुकान न लगाएं। संबंधित लोगों को स्वयं बेजा कब्जा हटाने तथा निर्धारित एवं उपयुक्त स्थान पर ही व्यवसाय करने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि चेतावनी के बाद यदि संबंधित लोगों द्वारा स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बेजा कब्जा हटाया जाएगा। पुलिस के इस सख्त रुख के बाद सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले लोगों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।


जाम से परेशान हैं नगरवासी

अकलतरा के मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात प्रभावित होता है। व्यस्त समय में ठेलों और अस्थायी दुकानों के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है।

ऐसे में पुलिस की इस पहल को नगर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन

गौरतलब है कि नगर में बेजा कब्जे के कारण उत्पन्न हो रही अव्यवस्था को लेकर एसडीएम सुमित बघेल के नाम तहसीलदार अविनाश चौहान को शिकायत पत्र दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार अविनाश चौहान ने तत्काल शिकायत को अकलतरा सीएमओ संजय सिंह को फॉरवर्ड किया।

सीएमओ संजय सिंह ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए अकलतरा थाना प्रभारी जय कुमार साहू को इसकी जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन से आजाद चौक तक चेतावनी मार्च निकाला।


जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने की पहल की सराहना

पुलिस के इस चेतावनी मार्च की क्षेत्रीय एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित नागरिकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटता है तो नगर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है और आम लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

नागरिकों ने पुलिस एवं प्रशासन से यह कार्रवाई केवल चेतावनी तक सीमित न रखते हुए आगे भी लगातार जारी रखने की मांग की है, ताकि मुख्य मार्गों पर दोबारा अतिक्रमण की स्थिति निर्मित न हो।

अब कार्रवाई का इंतजार

अकलतरा पुलिस के चेतावनी मार्च के बाद अब निगाह इस बात पर है कि संबंधित ठेला एवं अस्थायी दुकान संचालक स्वयं अपना बेजा कब्जा हटाते हैं या प्रशासन को आगे सख्त कार्रवाई के लिए कदम उठाना पड़ता है। फिलहाल पुलिस की इस पहल से नगरवासियों में उम्मीद जगी है कि अकलतरा के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।

मार्च पास्ट के दौरान थाना प्रभारी जय कुमार साहू सहित अकलतरा थाना पुलिस के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


Related Articles