.AD

राखियों में देशभक्ति का जज्बा:एक राखी वीर जवानों के नामसे जुड़ीं संजय नगर की छात्राएं

नरियरा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति और सामाजिक सरोकार से जुड़ी अनूठी पहल देखने को मिली। अकलतरा क्षेत्र की अग्रणी सामाजिक संस्था वेल विशर फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे ‘एक राखी वीर जवानों के नाम’ अभियान के तहत नगर पंचायत नरियरा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला संजय नगर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह को सौंपीं। इन राखियों को रक्षाबंधन के अवसर पर देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि छात्राओं की ओर से देश की रक्षा में समर्पित सैनिक भाइयों की कलाइयों पर प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता का रक्षासूत्र बांधा जा सके।

वेल विशर फाउंडेशन द्वारा हर वर्ष आयोजित किए जाने वाले इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और देश की सुरक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान एवं अपनत्व की भावना प्रकट करना है। संस्था के सदस्य रक्षाबंधन पर्व से पूर्व विभिन्न विद्यालयों से एकत्रित राखियों को सैनिक कैंप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के पश्चात आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 80 छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक आदित्य नारायण पांडे, शिक्षिका श्रीमती पल्लवी बिस्वास, श्रीमती इंदु जायसवाल एवं श्रीमती माधुरी साहू, अंशकालीन सफाई कर्मचारी दिनेश निर्मलकर सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं पालकगण उपस्थित रहे।

छात्राओं द्वारा जवानों के लिए स्वयं तैयार की गई राखियों को सौंपते समय विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया। इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, भाईचारे और वीर जवानों के प्रति सम्मान का संदेश दिया।


Related Articles