.AD

अकलतरा में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी का रजत महोत्सव संपन्न

25 वर्षों की उपलब्धियों का हुआ प्रदर्शन

जांजगीर जिले के अकलतरा शहर में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संभाग स्तरीय रजत महोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत विभाग के 25 वर्षों की उपलब्धियों, संरचनात्मक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुँचाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती दीप्ति रोहित सारथी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों का स्वागत विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा विगत 25 वर्षों में किए गए संरचना विकास, उपभोक्ता सेवा विस्तार तथा तकनीकी उन्नयन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाकर नागरिकों को उनके लाभ एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यपालन यंत्री श्री राजेश चौहान ने बताया कि जांजगीर जिले में पिछले 25 वर्षों के दौरान विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या में लगभग दो लाख से अधिक की वृद्धि हुई है। बढ़ती मांग के अनुरूप विभाग द्वारा विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों तथा नए कनेक्शनों के विस्तार में निरंतर कार्य किया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग सदैव उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं और सुविधाओं को प्राथमिकता देता रहा है।

मुख्य अतिथि श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी ने अपने उद्बोधन में सौर ऊर्जा की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा 25 वर्षों में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए विभाग को रजत जयंती की बधाई दी।

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती दीप्ति रोहित सारथी ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों की निरंतर मेहनत और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय पर विद्युत बिल का भुगतान कर विभाग को सहयोग प्रदान करें, जिससे सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान उन एकल बत्ती कनेक्शनधारी, घरेलू, गैर-घरेलू एवं कृषि पंप उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जो सजगता के साथ विद्युत का मितव्ययी उपयोग करते हैं तथा समय पर बिल भुगतान करते हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली बिल योजना के अंतर्गत अकलतरा क्षेत्र के पाँच हितग्राही उपभोक्ताओं को भी सम्मानित किया गया।

भारी संख्या में उपस्थित नागरिकों की सहभागिता के साथ छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आयोजित यह रजत महोत्सव कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने विभाग और उपभोक्ताओं के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत किया।


Related Articles