अकलतरा शाखा के प्रबंधक रश्मि गुप्ता का तबादला आदेश जारी
किसानों एवं जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार को लेकर लगातार मिल रही थी शिकायत

अकलतरा/जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा नगर स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर की शाखा अकलतरा में पदस्थ शाखा प्रबंधक रश्मि गुप्ता का स्थानांतरण आदेश प्रधान कार्यालय द्वारा जारी कर दिया गया है। इस आदेश के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, वहीं किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने निर्णय का स्वागत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में बैंक की उपाध्यक्ष रजनी साहू द्वारा अकलतरा शाखा का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान में किसानों ने बैंक से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं शाखा प्रबंधक के व्यवहार तथा व्यवस्था को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। किसानों ने ऋण वितरण, खाते संबंधी कार्यों में विलंब तथा कथित दुर्व्यवहार जैसे मुद्दों से अवगत कराया।
बताया जा रहा है कि उपाध्यक्ष रजनी साहू द्वारा किसानों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की समस्या के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों से चर्चा की और बैंक में व्याप्त समस्याओं की जानकारी प्रधान कार्यालय तक पहुंचाई। इसके बाद मुख्य शाखा द्वारा स्थिति की समीक्षा कर प्रबंधक के स्थानांतरण का आदेश जारी किया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार, शाखा प्रबंधक रश्मि गुप्ता के विरुद्ध किसानों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लगातार दुर्व्यवहार की शिकायतें मिल रही थीं। चूंकि मामला उपाध्यक्ष के गृह नगर अकलतरा से जुड़ा था, इसलिए बैंक प्रशासन की छवि पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। इसी परिप्रेक्ष्य में प्रशासनिक स्तर पर त्वरित निर्णय लिया गया।
स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने बैंक प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे शाखा की कार्यप्रणाली में सुधार होगा और किसानों को समय पर सेवाएं मिल सकेंगी।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नई पदस्थापना के बाद शाखा की व्यवस्थाओं में कितना सुधार आता है और किसानों की लंबित समस्याओं का निराकरण किस गति से किया जाता है।