.AD

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर किरारी हायर सेकेंडरी स्कूल में सामूहिक योगाभ्यास

स्वस्थ जीवन का दिया संदेश


किरारी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर किरारी हायर सेकेंडरी स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। विद्यालय परिसर में प्रोजेक्टर के माध्यम से लाइव प्रसारण से जुड़कर सभी प्रतिभागियों ने एक साथ विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन सत्र में हुआ, जहां विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों द्वारा बताए गए निर्देशों के अनुसार सभी ने अनुशासित ढंग से योगाभ्यास किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली।


इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अंजूला सोनी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।


वहीं, किरारी के सरपंच अशोक कश्यप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि दिन की शुरुआत योगाभ्यास से की जाए तो शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है। उन्होंने बच्चों को नियमित योग करने और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करने की सलाह दी।


कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया तथा योग के महत्व को समझते हुए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रधान पाठक करूणा यादव, दीपक भानू, गोपेंद्र पटेल, सीता कुर्रे, अनुरंजिता सिंह, रजनी पांडे, योगेश चंद्र मिश्रा, अनुभव तिवारी, व्यायाम शिक्षक शर्मा जी, गोपाल नागदेव सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ भारत के संकल्प को भी मजबूत किया।


Related Articles