ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आई पोड़ी दल्हा अस्पताल की वास्तविक तस्वीर: अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु
मरीजों ने जताया संतोष

अकलतरा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी दलहा को लेकर यह खबर सामने आई थी कि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मीरी के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान शाम लगभग 5:15 बजे अस्पताल बंद मिला था, जिससे 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन पर सवाल खड़े हुए थे। हालांकि, इस पूरे मामले की गहन ग्राउंड रिपोर्टिंग और मौके पर किए गए विस्तृत निरीक्षण के बाद जो तथ्य सामने आए, वे पहले की धारणा से अलग और संतोषजनक पाए गए।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में नियमित ओपीडी का समय समाप्त होने के बाद लगभग आधे घंटे के लिए मुख्य द्वार बंद किया गया था, जिसके बाद चौकीदार की ड्यूटी प्रारंभ होने पर अस्पताल परिसर पुनः 24 घंटे की सेवाओं के लिए उपलब्ध रहता है। इस दौरान यदि कोई मरीज उपचार के लिए पहुंचता है तो ऑन-कॉल चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी तत्काल अस्पताल पहुंचकर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हैं।
अस्पताल की व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
ग्राउंड निरीक्षण के दौरान अस्पताल के ओपीडी कक्ष, महिला एवं पुरुष वार्ड, दवा भंडारण कक्ष, परिसर, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुव्यवस्थित एवं साफ-सुथरी पाई गईं। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का स्तर संतोषजनक दिखाई दिया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि मरीजों को बेहतर वातावरण में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
भर्ती महिला मरीज ने साझा किया अनुभव
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज जिनका नाम गनेशिया कोल जिनका डिलीवरी हुआ है उनसे भी चर्चा की गई। मरीज ने अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सकों के व्यवहार, समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इलाज नियमित रूप से मिल रहा है तथा किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। इसी तारतम्य में मरीजों के परिजनों से भी चर्चा के दौरान सकारात्मक बातें सामने आईं जिसमें शौचालय की सफाई को लेकर सवाल पूछने पर बताया कि शौचालय साफ़सुथरा एवं बदबू रहित बताया गया।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव भी कर चुके हैं सराहना
उल्लेखनीय है कि पूर्व में राज्य प्रवास के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने भी इस अस्पताल का निरीक्षण किया था। उस समय अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई की सराहना की गई थी। वर्तमान निरीक्षण में भी अधिकांश व्यवस्थाएं उसी स्तर पर संतोषजनक एवं व्यवस्थित दिखाई दीं, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सकारात्मक संकेत मिलते हैं।
तथ्य सामने आने के बाद स्पष्ट हुई स्थिति
ग्राउंड रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया कि अस्पताल में शाम के समय स्थायी रूप से सेवाएं बंद नहीं होतीं, बल्कि सुरक्षा एवं ड्यूटी व्यवस्था के तहत सीमित समय के लिए मुख्य प्रवेश द्वार बंद रखा गया। इसके पश्चात चौकीदार की उपस्थिति में अस्पताल 24 घंटे आमजन के लिए उपलब्ध रहता है तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सक तत्काल पहुंचकर मरीजों का उपचार करते हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी दलहा की व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन यह दर्शाता है कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर संचालित हो रही हैं। साफ-सफाई, वार्डों की व्यवस्था, दवा उपलब्धता तथा मरीजों की संतुष्टि अस्पताल की सकारात्मक कार्यप्रणाली को दर्शाती है। भविष्य में भी यदि अस्पताल प्रबंधन इसी प्रकार सेवा गुणवत्ता और त्वरित चिकित्सा सुविधा बनाए रखता है, तो यह क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक भरोसेमंद स्वास्थ्य केंद्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।







