.AD

जिले में परीक्षाओं के मद्देनज़र डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

बिना अनुमति ध्वनि विस्तार यंत्रों पर होगी सख्त कार्रवाई


जांजगीर-चांपा।

जिले में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की वार्षिक परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जन्मेजय महोबे के आदेशानुसार जिला जांजगीर-चांपा में ध्वनि विस्तार यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के परिपालन में अनुविभागीय दण्डाधिकारी (रा) जांजगीर, अकलतरा, पामगढ़ एवं चांपा ने अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए डी.जे. (ध्वनि विस्तारक यंत्र) के प्रयोग को पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है। यह प्रतिबंध छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, 1985 की धारा-04 के तहत लागू किया गया है। साथ ही अन्य किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तार यंत्रों का उपयोग बिना लिखित पूर्वानुमति के प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा अवधि में तेज ध्वनि के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं परीक्षा प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि उन्हें शांत एवं अनुकूल वातावरण मिल सके।

अनुमति की शर्तें स्पष्ट

आदेश के अनुसार विशेष परिस्थितियों एवं शासकीय कार्यों हेतु ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की अनुमति माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा ध्वनि प्रदूषण (विनियमन तथा नियंत्रण) नियम, 2000 के अंतर्गत निर्धारित शर्तों के अनुसार ही दी जाएगी।

अनुविभाग मुख्यालय स्थित तहसीलों में अनुमति अनुविभागीय दण्डाधिकारी द्वारा तथा अन्य तहसीलों में तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट द्वारा प्रदान की जाएगी।

हालांकि, किसी भी स्थिति में रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक ध्वनि विस्तार यंत्रों के उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी।


उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना लिखित पूर्वानुमति के ध्वनि विस्तार यंत्रों का उपयोग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित थाना क्षेत्रों को भी आदेश के कड़ाई से पालन हेतु निर्देशित किया गया है।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और परीक्षा अवधि तक प्रभावी रहेगा।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों के हित में आदेश का पालन करें एवं सहयोग प्रदान करें, जिससे जिले में परीक्षाएं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।


Related Articles