.AD

समाज कल्याण विभाग छ ग के सहयोग से निःशुल्क बायोनिक हाथ हेतु राज्य स्तरीय मापन शिविर का आयोजन

जांजगीर-चांपा, 20 फरवरी 2026।

छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग के सहयोग से इनाली फाउंडेशन द्वारा राज्य के अस्थि बाधित दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ (बायोनिक हाथ) प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय मापन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर रायपुर स्थित ठाकुर मैरिज पैलेस, वोलफोर्ट सिटी के सामने आयोजित होगा।

उप संचालक, समाज कल्याण विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष शिविर में जांजगीर-चांपा जिले के अस्थि बाधित दिव्यांगजनों को 23 फरवरी 2026 को शामिल कराया जाएगा। इसके लिए समाज कल्याण विभाग, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा निःशुल्क आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

शिविर में ऐसे दिव्यांगजन पात्र होंगे जिनका हाथ कोहनी के नीचे से कटा हुआ है। मापन प्रक्रिया के बाद चयनित हितग्राहियों को अत्याधुनिक बायोनिक हाथ निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

शिविर में भाग लेने के इच्छुक दिव्यांगजन 22 फरवरी 2026 तक अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। पंजीयन के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं एक पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक होगा। इच्छुक व्यक्ति श्री राजेश देवांगन, परिवीक्षा अधिकारी (मो. 9770161336) तथा श्री रवि देवांगन, कंप्यूटर ऑपरेटर (मो. 7000021675), समाज कल्याण विभाग, जिला जांजगीर-चांपा से संपर्क कर सकते हैं।

समाज कल्याण विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि से पूर्व अपना पंजीयन सुनिश्चित कराएं, ताकि उन्हें निःशुल्क बायोनिक हाथ की सुविधा प्राप्त हो सके।


Related Articles