पचेड़ा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का वार्षिकोत्सव सम्पन्न
विधायक व्यास कश्यप ने सांस्कृतिक मंच जीर्णोद्धार की घोषणा की

जांजगीर चांपा। पचेड़ा
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पचेड़ा में वार्षिकोत्सव सह छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रियंका पुष्पेंद्र प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत पचेड़ा की सरपंच श्रीमती बिन्दरा अशोक कश्यप ने की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि विधायक व्यास कश्यप ने अपने संबोधन में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पचेड़ा के लिए सांस्कृतिक मंच के जीर्णोद्धार तथा छावनी निर्माण की घोषणा की। उन्होंने शिक्षकों एवं पालकों से विद्यार्थियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रियंका पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें लगन और मेहनत से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जनपद सदस्य हेमंत पैगवार, जिला मिशन समन्वयक एच. आर. जायसवाल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एम. डी. दीवान तथा विकासखंड स्रोत समन्वयक श्रीमती ऋषिकांता राठौर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।








