.AD

JSW महानदी पॉवर प्लांट में विशाल रक्तदान शिविर का हुआ सफल आयोजन

रक्तदाताओं का मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र से किया सम्मानित

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत नरियरा में संचालित JSW महानदी पावर कंपनी लिमिटेड में एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। प्लांट प्रबंधन के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर को आयुष्मान ब्लड सेंटर के सहयोग से संपन्न कराया गया।

रक्तदान शिविर का आयोजन प्लांट परिसर स्थित ओएचसी (व्यावसायिक स्वास्थ्य केन्द्र) में किया गया, जहाँ सुबह से ही श्रमिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक दायित्व का परिचय दिया।

शिविर के दौरान रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्लांट प्रबंधन की ओर से मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान ने कर्मचारियों के उत्साह को और बढ़ाया तथा अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

प्लांट प्रबंधन द्वारा समय-समय पर श्रमिकों एवं कर्मचारियों के हित में स्वास्थ्य शिविर, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित इस रक्तदान शिविर को कर्मचारियों ने मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

शिविर के दौरान एक प्रेरणादायी दृश्य भी देखने को मिला, जब श्रमिक चोवाराम ने अपने बेटे के साथ रक्तदान कर समाज को यह संदेश दिया कि रक्तदान महादान है और इसे परिवार के संस्कार का हिस्सा बनाना चाहिए।

रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में प्लांट प्रबंधन से जीतेंद्र त्रिपाठी, अभिषेक शर्मा (HR हैड), पवन पांडे, डॉ. प्रभात विश्वकर्मा (मुख्य चिकित्सा अधिकारी), देवेंद्र पांडा (सिविल हेड), बसंत पहरे, राजकुमार चौधरी सहित समस्त स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

इस आयोजन के माध्यम से न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, बल्कि कर्मचारियों में सामाजिक जिम्मेदारी, स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा भाव का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित हुआ। स्थानीय स्तर पर इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है।


Related Articles