.AD

खुशियों के दीप जलाएं, यातायात नियम भी अपनाएं : एएसपी उदयन बेहार

त्योहार की खुशियों के साथ सुरक्षा का संकल्प भी जरूरी : उदयन बेहार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला यातायात प्रभारी ने धनतेरस और दीपावली पर जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं, सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात का दिया संदेश

जांजगीर-चांपा। धनतेरस एवं दीपावली का पावन पर्व हर किसी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली और नई ऊर्जा लेकर आए। इसी मंगलकामना के साथ जांजगीर-चांपा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला यातायात प्रभारी उदयन बेहार ने समस्त जिलेवासियों को धनतेरस एवं दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

अपने शुभकामना संदेश में उदयन बेहार ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। माता लक्ष्मी की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली बनी रहे।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार की खुशियां मनाते समय अपनी और दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें, ताकि त्योहार के उत्साह में किसी परिवार की खुशियां मातम में न बदलें।

उन्होंने कहा कि त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस प्रशासन सदैव आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए तत्पर है।

अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार ने जिलेवासियों से सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील करते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियों के दीप प्रज्वलित होने की मंगलकामना की।


Related Articles