.AD

किरारी हायर सेकेंडरी विद्यालय में नई प्राचार्य का भव्य स्वागत

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर दिया गया जोर

जांजगीर जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत किरारी में स्थानीय हायर सेकेंडरी विद्यालय में नई प्राचार्य के रूप में पदभार संभालने पहुंचीं अंजूला सोनी का विद्यालय प्रबंधन, सरपंच, पंचगण, शिक्षक-शिक्षिकाओं के द्वारा अभूतपूर्व एवं गर्मजोशीपूर्ण स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में ग्रामीणों ने फूल मालाओं और शुभकामनाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।


समारोह के दौरान प्राचार्य अंजूला सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि किरारी हायर सेकेंडरी की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों पर ले जाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई की स्तर वृद्धि, अनुशासन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को मजबूत करना और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए वे लगातार प्रयास करेंगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि—

“शिक्षा की गुणवत्ता तभी बढ़ती है जब विद्यालय, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक सभी सामूहिक उत्तरदायित्व निभाएँ।”


इस अवसर पर किरारी के सरपंच अशोक कश्यप ने अपने उद्बोधन में नई प्राचार्य का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि ग्राम पंचायत की ओर से विद्यालय से जुड़े हर विकासात्मक कार्य में पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने विद्यालय के लिए संसाधन और आवश्यक सुविधाओं में सुधार के प्रति भी प्रतिबद्धता जताई।


पंचगण एवं ग्रामीणों ने भी अपने संबोधन में कहा कि प्राचार्य की नियुक्ति से शिक्षा के क्षेत्र में नया उत्साह आया है। उन्होंने आशा जताई कि अंजूला सोनी के नेतृत्व में विद्यालय उत्कृष्ट परिणामों के साथ क्षेत्र में एक नई पहचान बनाएगा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए और शिक्षकों ने नई प्राचार्य के साथ मिलकर शिक्षा को बेहतर दिशा देने का संकल्प जताया। समारोह उत्साह, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बना रहा।


Related Articles