मजदूर हितों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर करना होगा कार्य — राजेश सीवी (BMS) क्षेत्रीय संगठन मंत्री

जांजगीर-चांपा। भारतीय मजदूर संघ के संगठन विस्तार और मजदूर-कर्मचारियों के हितों को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री राजेश सीवी का एक दिवसीय दौरा जांजगीर-चांपा जिले में हुआ। इस दौरान संघ कार्यालय नारायण कुंज में आयोजित बैठक में उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मजदूर हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए राजेश सीवी ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ता होते हैं। संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को तन, मन और धन से योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मजदूरों और कर्मचारियों के सामने कई चुनौतियां हैं, ऐसे में सभी श्रमिक संगठनों को आपसी समन्वय के साथ एकजुट होकर काम करना चाहिए, तभी मजदूरों के अधिकारों की प्रभावी रूप से रक्षा की जा सकेगी।
उन्होंने विशेष रूप से आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मध्यान्ह भोजन वर्कर की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन वर्गों के मानदेय में लंबे समय से वृद्धि नहीं हुई है, जबकि इन पर कार्यभार लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन सभी कर्मियों के मानदेय में शीघ्र वृद्धि की जाए तथा अतिरिक्त कार्यों के लिए विशेष भत्ता भी दिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिल सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शंखध्वनी सिंह बनाफर ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। यदि सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन की विचारधारा और उद्देश्य के साथ आगे बढ़ें, तो मजदूरों और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान आसानी से संभव है। उन्होंने संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए गांव-गांव और कार्यस्थलों तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अनुभव तिवारी ने कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि एलबी संवर्ग के शिक्षकों की संविलियन पूर्व सेवाअवधि की गणना की मांग लंबे समय से की जा रही है और इसके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

इस अवसर पर निर्माण भवन से जुड़े प्रतिनिधि कमल बोस ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और विस्तार पर बल दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और उनका समाधान कराने के लिए मजबूत संगठनात्मक ढांचा अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन भारतीय मजदूर संघ के जिला महामंत्री संजय चौहान ने किया। बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस दौरान यशपाल चौबे सहित संगठन से जुड़े कई पदाधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में सुधा पटेल, संगीता रात्रे (आशा वर्कर प्रदेश महामंत्री), संतोषी साहू (पामगढ़ ब्लॉक उपाध्यक्ष), पूनम चौहान, आशा लोहर्सी, शैलजा लोनिया, ममता कश्यप (उपाध्यक्ष), सरोजनी भारद्वाज, हेमलता यादव (पूर्व पार्षद मितानिन), शारदा यादव, मंजूला यादव तथा रंजना टंडन (कोषाध्यक्ष, आशा वर्कर) सहित बड़ी संख्या में आशा वर्कर और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
बैठक के अंत में संगठन के विस्तार, श्रमिकों और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा तथा उनके सामाजिक-आर्थिक हितों को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में श्रमिक एकता और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान भी किया गया।








