शॉर्ट सर्किट से गोदाम में लगी भीषण आग: लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा नगर में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगर स्थित बंटी इलेक्ट्रॉनिक के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे गोदाम में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंटी इलेक्ट्रॉनिक के संचालक द्वारा अकलतरा निवासी अनूप केडिया की दुकान को गोदाम के रूप में किराए पर लिया गया था। सोमवार सुबह लगभग 7:00 बजे अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही क्षणों बाद आग की लपटें तेज हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम में रखा टीवी, फ्रिज, कूलर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
गनीमत रही कि घटना सुबह के समय हुई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से गोदाम को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। वहीं पुलिस एवं विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गई है। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का प्राथमिक कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गोदामों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।








