बाबा रामदेव मिनरल्स परिसर में "पहल" संस्था ने किया चरणबद्ध वृक्षारोपण
संचालक लक्ष्मीकांत पुरोहित ने संरक्षण का लिया संकल्प: बताया सामाजिक जिम्मेदारी

अकलतरा। पर्यावरण संरक्षण और नगर में हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था "पहल" एवं लबरा गुड़ी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में लटिया रोड स्थित बाबा रामदेव मिनरल्स परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। संस्था के सदस्यों, पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधारोपण कार्यक्रम में बाबा रामदेव मिनरल्स के संचालक श्री लक्ष्मीकांत पुरोहित ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में उद्योग और व्यवसाय के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। स्वच्छ हवा, बेहतर जलवायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनकी देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्री पुरोहित ने कहा कि पौधारोपण को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। लगाए गए प्रत्येक पौधे को सुरक्षित रखना, उसे नियमित पानी देना और उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है। बाबा रामदेव मिनरल्स परिसर में लगाए गए इन पौधों को संरक्षित कर उन्हें विकसित करने की जिम्मेदारी भी प्राथमिकता के साथ निभाई जाएगी। उन्होंने समाज के अन्य लोगों और संस्थाओं से भी पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियानों में आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर "पहल" एक सेवा भाव संस्था के राजेश अग्रवाल ने कहा कि संस्था द्वारा लगातार विभिन्न जगहों पर लगातार वृक्षारोपण एवं विभिन्न प्रकार के सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं इसी तारतम्य में संस्था द्वारा लबरा गुड़ी के सदस्यों के साथ मिलकर सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हुए यह कार्यक्रम किया गया।
श्री अग्रवाल कहते हैं कि पर्यावरण संतुलन के लिए केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है।
डॉ. राजीव दीक्षित ने कहा कि लगातार घटते हरित क्षेत्र, बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए पौधारोपण को महज औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर निरंतर जनअभियान का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आम, नीम, अशोक, शीशम और पीपल जैसे उपयोगी पौधों का रोपण किया। इन वृक्षों के माध्यम से क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और आने वाले वर्षों में स्वच्छ एवं शुद्ध वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में विष्णु भोजासिया, सोपनिल जैन, राजेश अग्रवाल, अनिल दुबे, नवल सिंह, यशपाल चौबे, सौरभ जैन, अमित केडिया, अक्कू सिंह, हर्ष पुरोहित, अभिषेक पुरोहित, सिद्धांत पुरोहित सहित संस्था के सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
“पौधा लगाना शुरुआत है, उसे वृक्ष बनाना हमारा संकल्प”
पौधारोपण अभियान ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं या औपचारिक आयोजनों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति और संस्था की साझा जिम्मेदारी है। बाबा रामदेव मिनरल्स के संचालक लक्ष्मीकांत पुरोहित की पहल और सहभागिता ने इस अभियान को पर्यावरण के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में विशेष महत्व दिया।








