जांजगीर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक: पुलिस प्रशासन ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश

आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सिटी कोतवाली पुलिस जांजगीर द्वारा शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सरपंच, उपसरपंच, पार्षद तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में CSP कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे, तहसीलदार आर.के. मरावी एवं नायब तहसीलदार सृजल साहू विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आपसी भाईचारा कायम रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
होली के दौरान इन बातों का रखें विशेष ध्यान
बैठक में विस्तृत चर्चा करते हुए नागरिकों से अपील की गई कि—
केवल हर्बल रंगों का उपयोग करें, ताकि किसी की त्वचा या आंखों को नुकसान न पहुंचे।
होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर करें तथा बिजली के खंभों एवं तारों से दूर रखें।
एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और किसी को कष्ट न पहुंचाएं।
नशीले पदार्थों का सेवन न करें।
पानी से भरे गुब्बारों का प्रयोग न करें।
किसी पर जबरदस्ती रंग न लगाएं और व्यक्तिगत अधिकारों का सम्मान करें।
ग्रीस या कांच युक्त रंगों का प्रयोग न करें।
जानवरों पर रंग न डालें।
अश्लील शब्दों एवं हरकतों से बचें।
बेवजह हुड़दंग कर शांति भंग न करें।
दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग न करें।
मुखौटे का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे अपराध की संभावना बढ़ती है।
ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग न करें।
सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में डीजे या म्यूजिक न बजाएं।
तेज आवाज करने वाले साइलेंसर का प्रयोग न करें।
नदी, तालाब, बांध या नहर में नशे की हालत में नहाने न जाएं।
किसी भी आपात स्थिति में तत्काल थाना सिटी कोतवाली अथवा डायल 112 पर संपर्क करें।
मुखौटा बिक्री पर कार्रवाई
बैठक के पश्चात CSP कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे, तहसीलदार आर.के. मरावी एवं नायब तहसीलदार सृजल साहू ने संयुक्त रूप से थाना कोतवाली क्षेत्र में होली सामग्री विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को मुखौटा बिक्री नहीं करने की समझाइश दी गई। निर्देशों के बावजूद बिक्री हेतु रखे गए मुखौटों को जप्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और उल्लास का प्रतीक है। इसे सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का साथ दे।








