.AD

जेएसडब्ल्यू महानदी पावर कंपनी द्वारा श्रमवीर जांच शिविर का किया गया आयोजन

जांजगीर जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत नरियरा में संचालित जेएसडब्ल्यू महानदी पावर कंपनी लिमिटेड द्वारा श्रमिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय पहल की गई। कंपनी परिसर में दिनांक 06 फरवरी 2026, शुक्रवार को श्रमवीर स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर प्रातः 10 बजे से जेएसडब्ल्यू–एमपीसीएल (SEPCO ऑफिस) परिसर में आयोजित हुआ।

स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य कंपनी में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा। शिविर के दौरान सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड प्रेशर, शुगर जांच सहित अन्य आवश्यक मेडिकल चेकअप किए गए। साथ ही चिकित्सकों द्वारा श्रमिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों तथा बीमारियों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।

कंपनी प्रबंधन की ओर से बताया गया कि श्रमिक किसी भी औद्योगिक संस्थान की रीढ़ होते हैं और उनका स्वस्थ रहना उत्पादन व सुरक्षा दोनों दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के तहत जेएसडब्ल्यू महानदी पावर कंपनी समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करती रही है, ताकि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल की सराहना की। श्रमिकों ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर न केवल बीमारी की समय रहते पहचान में सहायक होते हैं, बल्कि उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।

उल्लेखनीय है कि जेएसडब्ल्यू महानदी पावर कंपनी लिमिटेड, नरियारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत श्रमिक कल्याण, स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर लगातार सकारात्मक कदम उठाती आ रही है। यह स्वास्थ्य शिविर उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।



Related Articles