.AD

जेएसडब्ल्यू महानदी पावर प्लांट में 37वाँ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत नेत्र परीक्षण शिविर का हुआ सफल आयोजन

जांजगीर जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत नरियरा में संचालित जेएसडब्ल्यू महानदी पॉवर प्लांट परिसर में

37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर यातायात पुलिस जांजगीर-चांपा के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जांच करना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्लांट में कार्यरत सभी ड्राइवरों का विशेष रूप से नेत्र परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ड्राइवरों की आंखों की जांच के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन चालक पूर्ण रूप से स्वस्थ हों और सुरक्षित रूप से वाहन संचालन कर सकें।

इस अवसर पर यातायात पुलिस द्वारा ड्राइवरों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित गति सीमा, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सड़क पर सतर्कता बरतने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में एसडीओपी श्री प्रदीप सोरी, अकलतरा थाना प्रभारी श्री भास्कर शर्मा, मूलमूला थाना प्रभारी श्री पारस पटेल सहित जांजगीर पुलिस विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अधिकारियों ने जेएसडब्ल्यू महानदी पावर कंपनी प्रबंधन द्वारा किए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में सहायक सिद्ध होंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ड्राइवरों से यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने एवं स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।


Related Articles